जंगबहादुरगंज। पसगवां ब्लॉक परिसर में भारतीय किसान यूनियन के धरना-प्रदर्शन में मोहिउद्दीपुर गन्ना क्रय केंद्र से जुड़े गांवों को डीएससीएल शुगर लोनी से संबद्ध किए जाने का मुद्दा छाया रहा। किसानों ने मोहिउद्दीपुर क्रय केंद्र को अजबापुर चीनी मिल में संबद्ध करने की मांग की।
किसानों ने अलग-अलग चार सूत्री ज्ञापन सहकारी गन्ना विकास समिति जंगबहादुरगंज के सचिव विनोद कुमार यादव और बीडीओ एके सिंह को सौपा। धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष बाबा सर्वजीत सिंह ने किया। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान न हुआ तो भाकियू आंदोलन करेगी। ज्ञापन में कहा गया है कि अजबापुर चीनी मिल की दूरी डंडेल, सैंडा, नेवादा, सुनौरिया, सहित 18 गांवों से 10-12 किलोमीटर है, जबकि लोनी 45 किमी दूर है। इन गांवों को लोनी चीनी मिल से संबद्ध किया जा रहा है। गन्ना आपूर्ति पर्चियों पर लोनी चीनी मिल की मोहर लगाई जा रही है। मांग की कि ओवरवेट के नाम पर अजबापुर चीनी मिल से पर्चिंयों में जो कटौती की जा रही है, उसे तत्काल बंद किया जाए। इसके साथ ही सीएचसी पसगवां में अल्ट्रासाउंड और एक्सरे की सुविधा उपलब्ध कराने, विद्युत लाइन के जर्जर तारों को बदलवाने की भी मांग की गई। पंचायत में तहसील अध्यक्ष हेतराम यादव, सुरेश बाबू यादव, गंगाराम, बाबूराम, कालीचरण आदि कई किसान मौजूद रहे।