लखीमपुर खीरी। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत लघु एवं सीमांत किसानों के खाते में पहली किस्त के तौर पर दो-दो हजार रुपये भेजने का शुभारंभ रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गोरखपुर से करेंगे, जिसका लाइव प्रसारण तहसील, ब्लॉक और कलक्ट्रेट सभागार में दिखाया जाएगा। शनिवार की शाम तक 2,24,272 किसानों का डाटा डिजीटल हस्ताक्षर से लॉक कर दिया गया है, जिनके खाते में प्रथम किस्त पहुंचना तय है। जबकि कुल 2.76 लाख किसानों का डाटा फीड कराया जा चुका है।
जनपद में करीब 6.11 लाख किसान परिवार हैं, जिनमें करीब 4.50 लाख लघु एवं सीमांत किसान अनुमानित हैं। साल भर में तीन किस्तों में प्रत्येक किसान को छह हजार रुपये दिए जाने हैं। शासनादेश जारी होने के बाद से किसानों की डाटा फीडिंग कराई जा रही है। अब तक 2.76 लाख किसानों का डाटा फीड कराया जा चुका है, जिसमें से जांच पूरी होने के बाद 2,24,272 पात्र किसानों का डाटा उप निदेशक कृषि के डिजीटल हस्ताक्षर से लॉक कर दिया गया है। उप निदेशक कृषि लालबहादुर यादव ने बताया है कि किसानों की डाटा फीडिंग का कार्य लगातार जारी है, जिसके साथ ही पात्र किसानों का डाटा डिजीटल हस्ताक्षर से लॉक किया जा रहा है। आचार संहिता लागू होने से पहले तक समस्त पात्र किसानों का डाटा फीड करा लिया जाएगा।
78 हजार से अधिक किसानों के खाते में भेजी किस्त
किसान सम्मान निधि योजना का शुभारंभ रविवार को होना है, इस दिन अधिकांश बैंक बंद रहेंगे। लिहाजा भारत सरकार ने शनिवार को ही 78476 किसानों के खाते में पहली किस्त के रूप में दो हजार रुपये भेज दिए हैं। उप निदेशक कृषि लालबहादुर यादव ने बताया कि जनपद के 78 हजार से अधिक किसानों के खाते में पैसे भेजे जाने की जानकारी मिली है, लेकिन अभी लाभांन्वित किसानों की पुष्टि होना शेष है।