लखीमपुर खीरी। जिले के थाना नीमगांव क्षेत्र में रविवार की शाम आग लगने से चार घर, एक दुकान और थाना ईसानगर क्षेत्र में लगी आग से तीन घर जलकर राख हो गए। दोनों अग्निकांड में घरों में रखा सारा सामान, जेवर, नकदी समेत करीब चार लाख का सामान जलकर नष्ट हो गया।
सिकंद्राबाद। रविवार की शाम पुआल के पास बच्चे खेल रहे थे। खेल-खेल के दौरान पुआल में आग लग गई। लोग कुछ समझ पाते, इससे पहले ही आग ने तौले की दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। लोग जब तक आग पर काबू पाते। इससे पहले ही आग ने एक-एक कर परमेश्वर, मोहन, श्रीराम, श्रीकेशन के घरों को भी अपने आगोश मेें ले लिया। इस अग्निकांड में दुकान में रखी नकदी समेत करीब 50 हजार रुपये का सामान जलकर नष्ट हो गया। इसके अलावा घरों में रखा सारा सामान, अनाज और नकदी भी आग की भेंट चढ़ गई। श्रीकेशन की भैंस भी झुलस गई। सूचना पर चौकी इंचार्ज केके यादव ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया।
खमरिया। शनिवार की रात ग्राम पंचायत मटरिया निवासी पांचू, संतराम और श्रीराम के घरों में करीब 11 बजे रात अचानक आग लग गई। आग की लौ उठने पर जागे परिवार के लोग शोर मचाते हुए भागे। इससे गांव में चीखपुकार मच गई। अफरा-तफरी के बीच लोग बेबस होकर अपना सब कुछ आंखों के सामने जलता हुआ देखते रहे। आग के विकरालता को देख ग्रामीणों ने फायर बिग्रेड और यूपी 100 पुलिस को सूचना दी। फायर ब्रिगेड की गाड़ी तो नहीं पहुंची, लेकिन यूपी 100 मौके पर पहुंची तो लेकिन पुलिसकर्मी आग बुझाने की बजाय हाथ सेंकते रहे। ग्रामीणों ने किसी तरह से कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। इस अग्निकांड में पांचू के 15,500 रुपए, 10 बोरी धान, पां क्विंटल गेहूं, जेवर, राकेश के 7500 रुपये, मोबाइल, साइकिल, संतराम की पांच हजार नगदी, मोबाइल, अनाज, जेवर और श्रीराम की गृहस्थी का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। क्षेत्रीय लेखपाल ने पीड़ित परिवारों को खाने-पीने त्रिपाल और कंबल आदि की व्यवस्था करवाई।
आग की चपेट में आए चार घर, मवेशी भी झुलसे
पलियाकलां। इलाके के पतवारा गांव में अचानक लगी आग से चार घरों का सामान जलकर राख हो गया। साथ ही मवेशी भी बुरी तरह से झुलस गए। ग्रामीणों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया।
पतवारा गांव में अचानक से लगी आग ने धीरे-धीरे विकराल रूप धारण कर लिया। इसमें रामकुमार पुत्र बुद्धा, काशीराम पुत्र अजुद्धि, दिनेश पुत्र रामकुमार तथा अजुद्धि पुत्र दुजई के घरों को आग ने अपनी चपेट में ले लिया। आग से रामकुमार के घर का घरेलू सामान व तीन हजार रुपये की नगदी जल गई। काशीराम के एक मवेशी व घरेलू सामान आग की चपेट में आकर स्वाहा हो गया। दिनेश के घर पंखा, डिश सहित अन्य सामान जल गया। जबकि अजुद्धि के दो बैल आग की चपेट में आ गए तथा बुरी तरह से झुलस गए। ग्रामीणों ने किसी तरह से आग पर काबू पाकर बाकी सामान जलने से बचाया। इस दौरान गांव में अफरातफरी का माहौल बना रहा।