लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार की रात शहर से सटे गांव सुआगाड़ा के पास एक व्यक्ति को दोमुंहा सांप के साथ दबोच लिया। पुलिस ने उसके पास से 89500 रुपये बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस लाइंस सभागार में एसपी ने बताया कि सीओ सिटी आरके वर्मा के नेतृत्व में सदर कोतवाली पुलिस वांछितों और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए घूम रही थी। इसी बीच मुखबिर ने सूचना दी कि दोमुंहा सांप बिक्री करने के नाम पर धोखाधड़ी कर रुपये वसूल रहा है। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सदर अशोक कुमार पांडेय, जेल गेट चौकी इंचार्ज दिनेश कुमार यादव ने सिपाही दिनेश कुमार सिंह और फिरोज खां के साथ आरोपी की घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस ने कोतवाली धौरहरा के गांव टेगनहां निवासी इकरार को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक मीटर लंबा दो मुंहा सांप और सांप की बिक्री में से 89500 रुपये बरामद करने का दावा किया है। बकौल एसपी पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने रोडवेज बस स्टेंड पर एक युवक को सांप 90 हजार रुपये में बेंचा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और वन्य जीव संरक्षण अधिनियम की धारा 9/51 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया है। बरामद सांप को वन विभाग के सुपुर्द कर दिया।