कस्बा स्थित इलाहाबाद बैंक के उपभोक्ताओं ने पैसा न मिलने पर सड़क पर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों को पैसा दिलाने का आश्वासन देकर शांत कराया। उधर शाखा प्रबंधक ने बताया कि पैसा न होने के कारण दिक्कत हुई है।
इलाहाबाद बैंक की शाखा के उपभोक्ताओं को अपना जमा किया हुआ पैसा लेने के लिए सुबह से शाम तक चक्कर काटना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि बैंक में प्राईवेट और बैंक कर्मचारियों की मनमानी के कारण उपभोक्ताओं को समय से पैसा नहीं मिल पा रहा हैं जबकि बैंक कर्मियों के जान पहचान वालों को आसानी से पैसा मिल रहा है। नाराज उपभोक्ता घंटों लाइन में खड़ा होने के बाद भी पैसा न मिलने पर हो हल्ला मचाते हुए सड़क पर आकर बैंक कर्मचारियों के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
इसकी सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक बृजेश त्रिपाठी मय पुलिस फोर्स मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को पैसा दिलाने का आश्वासन देकर शांत कराया। इस बाबत पूछे जाने पर शाखा प्रबंधक ने बताया कि कैश न होने से दिक्कत हुई है। आज बिलंब से पैसा आने के कारण उपभोक्ता परेशान थे। पैसा का वितरण कराया जा रहा है।