गन्ना समिति पर किसानों ने की तालाबंदी
मैगलगंज। सट्टे में गड़बड़ी और पर्चियां न मिलने से नाराज गन्ना किसानों ने सोमवार को मैगलगंज गन्ना विकास समिति कार्यालय पर समिति कर्मचारियों के खिलाफ गुस्सा जताते हुए किसानों ने कार्यालय में तालाबंदी कर दी। प्रदर्शनकारी किसानों ने अधिकारियों के आश्वासन बाद ही ताला खुला।
गन्ना विकास समिति कार्यालय पर प्रतिदिन क्षेत्र के सैकड़ों गन्ना किसान अपनी समस्याओं को लेकर दौड़ लगा रहे हैं। किसानों का आरोप है कि गन्ना मिल चालू हो गई है, लेकिन अभी तक उनके रकबे का सर्वे, सट्टा, सीएलए का काम नहीं हो पाया है। इसके अलावा कई किसानों की गन्ना पर्चियां नहीं पहुंच पा रही हैं जबकि कैलेंडर में पर्ची रिलीज होना दिखाया जा रहा है। किसानों का आरोप है कि उनके क्षेत्र के कामदारों द्वारा पर्चियां वितरित नहीं कराई जा रहीं है,ं जिससे उनका पेड़ी गन्ना खेतों में खड़ा सूख रहा है। वहीं खेत खाली न होने के कारण वह गेहूं की बुआई नहीं कर पा रहे हैं। सर्वे सट्टा आदि के लिए समिति कर्मचारियों द्वारा कई बार घोषणापत्र भरवाकर जमा करने के बावजूद अभी तक उनकी समस्या ज्यों की त्यों बनी हुई है। समिति कार्यालय के चक्कर लगाते लगाते परेशान हो चुके किसानों ने सोमवार को समिति कार्यालय का घेराव कर लिया व समिति पर मौजूद कर्मचारियों को बाहर निकालकर शटर बंद कर ताला जड़ दिया। किसानों ने समिति कार्यालय के बाहर एकजुट होकर जोरदार प्रदर्शन किया। समिति कर्मचारियों ने इसकी जानकारी सचिव और पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे एसआई दिलीप प्रजापति ने प्रदर्शन कर रहे किसानों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद कार्यालय का शटर खोला गया।