30 एलकेएच 352
कोल्हुओं पर सौ रुपये क्विंटल गन्ना बेंचने को मजबूर किसान
235 रुपये क्विंटल का घाटा उठा रहे किसान
अमर उजाला ब्यूरो
धौरहरा। चीनी मिलों ने किसानों का गन्ना भुगतान न देकर भुखमरी की कगार पर ला दिया है। किसानों को घरेलू खर्च चलाने के लिए अपने 335 रुपये क्विंटल वाले गन्ने को सौ रुपये में कोल्हुओं पर बेंचना पड़ रहा है। हालांकि कोल्हू मालिक भी इस समय कम गुड़ निकलने का दावा कर रहे हैं ।
चीनी मिलों के बकाया गन्ना भुगतान न देने के कारण किसान आर्थिक संकट से जूझ रहा है। आर्थिक रूप से परेशान किसान को घरेलू खर्च के साथ ही दवा आदि के लिए दूसरों के सामने हाथ फैलाना पड़ रहा है। क्षेत्र में इक्का-दुक्का गन्ना कोल्हू भी चल गए हैं। किसान घरेलू खर्च चलाने के लिए कोल्हुओं पर अपना गन्ना लेकर पहुंचने लगे हैं, लेकिन कोल्हू मालिक भी किसानों की मजबूरी का भरपूर फायदा उठाने में जुटे हैं। जिस गन्ने का रेट चीनी मिलों पर 335 रुपये प्रति क्विंटल है। वही गन्ना कोल्हू मालिक सामान्य प्रजाति का सौ रुपये और शीघ्र प्रजाति का गन्ना 150 रुपये प्रति क्विंटल खरीद रहे हैं। किसान अपनी मजबूरी की वजह से 235 रुपये प्रति क्विंटल का घाटा उठाने को मजबूर है। कोल्हू संचालक इस समय गन्ने में पानी की मात्रा कम होने की वजह से गुड़ परता कम होने की बात कह रहे हैं।