प्रधानों के फर्जी हस्ताक्षर से निकाले थे लाखों रुपये
अमेठी और जंगलवाली में किया लाखों का घोटाला
अमर उजाला ब्यूरो
धौरहरा। प्रधानों के फर्जी हस्ताक्षर बनाकर ग्रामनिधि से लाखों रुपये निकालकर गबन करने के आरोपी ग्राम विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह का शुक्रवार को पुलिस ने चालान भेज दिया है। उसे बृहस्पतिवार शाम ब्लाक बांकेगंज से गिरफ्तार किया गया था। वर्ष 2016 में धौरहरा क्षेत्र की ग्राम पंचायत अमेठी और जंगलवाली में तैनाती के दौरान गबन की शिकायत के बाद जांच में दोषी मिलने पर उसके खिलाफ एडीओ ने धौरहरा कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई थी। इसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
धौरहरा ब्लाक की ग्रामपंचायत अमेठी में वर्ष 2016 में तैनात ग्राम विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने अमेठी के प्रधान जुगुल किशोर और जंगलवाली की प्रधान मीना देवी के फर्जी हस्ताक्षर कर ग्रामनिधि खातों से लाखों रुपये निकाल लिए। इस दौरान जीते नए ग्राम प्रधानों के खाते भी नहीं खुलवाए। गबन की जानकारी होने पर ग्राम प्रधान अमेठी राजकुमारी त्रिवेदी ने सीडीओ और डीपीआरओ से शिकायत की। जिसे संज्ञान में लेकर तत्कालीन सीडीओ ने जांच कराई तो पाया कि अमेठी की ग्रामनिधि खाते से पांच लाख 36 हजार आठ सौ रुपये और जंगलवाली ग्रामनिधि खाते से एक लाख 40 हजार रुपये ग्राम प्रधानों के फर्जी हस्ताक्षर करके बैंक से निकाले गए हैं। जिसपर सीडीओ के आदेश पर 30 सितंबर 2016 में सहायक विकास अधिकारी रामू अवस्थी ने कोतवाली में सरकारी धन गबन सहित धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था। पुलिस की चली लंबी जांच में प्रकरण सही पाए जाने पर पुलिस ने बृहस्पतिवार देर शाम बांकेगंज ब्लाक में तैनात ग्रामविकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह को बांकेगंज स्थित उसके आवास से गिरफ्तार किया गया।
कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि बांकेगंज में तैनात ग्राम विकास अधिकारी अनिल कुमार सिंह पर लगे आरोप जांच में सही मिलने पर गिरफ्तार बृहस्पतिवार शाम गिरफ्तार किया था जिसका शुक्रवार को चालान भेजा है।