रेड स्टिकर लगा बिल है तो समझें खतरा
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। आपके बिजली बिल पर यदि रेड स्टिकर लगा है तो खतरे की घंटी है। बिल न जमा करने पर बिजली का कनेक्शन कट सकता है। इसके बाद भी बिल न जमा हुआ तो कुर्की की कार्रवाई हो सकती है।
नगरीय क्षेत्र में बिजली बकाया वसूली को प्रभावी बनाने के लिए रेड स्टिकर सिस्टम शुरू किया गया है। इसके तहत बिजली विभाग पांच हजार रुपये से अधिक के बकाया बिल पर रेड स्टिकर चिपकाएगा। इसमें लिखा होगा कि तुरंत भुगतान करें। समायोजन, विच्छेदन या अन्य विधिक कार्रवाई से बचें। यह स्टिकर एक तरह की नोटिस है।
एसडीओ सिटी अनुराग शर्मा ने बताया कि बिजली बकाया वसूली के लिए लखीमपुर शहर में यह अभिनव प्रयोग शुरू किया गया है। इसका मकसद उपभोक्ताओं को परेशान करना नहीं बल्कि बकाया अदा करने के लिए जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि बिल पर रेड स्टिकर चिपकाने के साथ ही उपभोक्ताओं को हेल्पलाइन से मोबाइल पर काल करके भी बिल जमा करने की याद दिलाई जाएगी। रेड स्टिकर लगे बिल को समय से जमा करना जरूरी होगा। यदि किसी के पास पूरे बकाया धनराशि की व्यवस्था नहीं है तो वह पार्ट पैमेंट भी कर सकता है।