14 एलकएच 451, 452, 453
महादेवा टांडा से जंगल होते
हुए नौरंगाबाद पहुंचा बाघ
नाले में पड़े गाय के शव को गन्ने में खींच ले गया
अमर उजाला ब्यूरो
सिंगाही।
क्षेत्र के महादेवा टांडा में सोमवार को पहुंचा बाघ रात में जंगल होते हुए नौरंगाबाद गांव के पास पहुंच गया। यहां वह नाले में पड़े एक गाय के शव को गन्ने के खेत में खींच ले गया। दुधवा टाइगर रिजर्व के बफर जोन के इस क्षेत्र में कई दिनों से बाघ सक्रिय है। इसके चलते ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है।
इसी सप्ताह 11 फरवरी को निघासन थाना क्षेत्र के गजियापुर में बाघ ने एक गाय का शिकार किया था। बाघ को पकड़ने के लिए वन विभाग ने पिंजरा लगाया था। इसी बीच बाघ चहलकदमी करते हुए 13 फरवरी को सिंगाही थाना क्षेत्र के महादेवा टांडा गांव के पास पहुंच गया। यहां भी उसने एक बैल का शिकार करने का प्रयास किया। गांव वालों के शोर मचाने पर बाघ गन्ने के खेत में छिप गया। वन विभाग की टीम और पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर रात होने तक शांत रहने को कहा।
सुबह होते ही वन विभाग के कर्मचारी बाघ की टोह ले ही रहे थे कि बाघ नौरंगाबाद गांव के पूरब कुछ ही दूरी पर गन्ने के खेत में दिखा। इसकी जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में गांव के लोग जब खेत के पास पहुंचे तो बाघ नाले में पड़े एक गाय के शव को गन्ने के खेत में खींच कर ले जा रहा था। सूचना पर एसओ अजय प्रकाश मिश्र तत्काल पुलिस बल के साथ पहुंचे और खेत के पास से निकलने वाले रास्ते पर लोगों के निकलने पर रोक लगा दी।
बाघ के नौरंगाबाद पहुंचने की सूचना पर नार्थ बेलरायां के रेंज अधिकारी एमएन सिंह पार्क एरिया के रेंज अधिकारी अशोक कश्यप और नायब तहसीलदार ज्ञानेंद्र सिंह भी पहुंच गए और ग्रामीणों से खेत से दूर रहने को कहा है।