गोला गोकर्णनाथ।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत प्रयास संस्था के कलाकारों ने नगर में विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटक पेश कर लोगों को स्वच्छता, पॉलीथिन का प्रयोग न करने, घर में शौचालय बनवाने के प्रति जागरूक किया।
प्रयास संस्था लखीमपुर के कलाकारों आनन्द अग्निहोत्री के निर्देशन में संतोष वर्मा, महेंद्र कुमार, मुखिया जी, छाया पांडे, भानु प्रताप मिश्र, रवि सिंह ने नगर पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल और ईओ आरआर अंबेश की मौजूदगी में नुक्कड़ नाटक पेश कर स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया। प्रयास संस्था ने नगर के सदर चौराहा, मथुरा नगर देवस्थान, मुन्नूगंज में बरकाती मस्जिद के पास, मोहल्ला ऊंची भूड़ रेलवे लाइन के निकट नुक्कड़ नाटक पेश किए। नुक्कड़ नाटक में कलाकारों ने वाद्ययंत्रों पर प्रस्तुति देकर दर्शकों को खूब हंसाया। साथ ही नगर को स्वच्छ रखने, घर में शौचालय बनवाने, स्वच्छता के लिए नगर पालिका का सहयोग करने, पॉलीथिन का प्रयोग न करने के लिए प्रेरित किया। कलाकारों ने सुनाया-
घर में सत्तर बीघा में खेती, देखो शौच को जाती बेटी।
बनते हो इज्जतदार, जरा सी शरम करो मेरे यार।।
कलाकारों ने कुछ यूं पहाड़ा सुनाकर शौचालय बनाने को प्रेरित किया-
दो इक्कम दो, दो दूनी चार, जिसके घर शौचालय उसका सुखी परिवार। कलाकारों की प्रस्तुति काफी सराही गई।
इस मौके पर प्रधान लिपिक राजेश बाजपेयी, श्रीशचंद्र त्रिपाठी, अमित श्रीवास्तव, अवधेश, मोहित गिरि, गोपाल स्वरूप मिश्र, रामकुमार वर्मा, देवीप्रसाद केडिया, विवेक पांडे, गंगा आदि मौजूद रहे।