लखीमपुर। केंद्र सरकार के बजट में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का जिक्र किया है। योजना के तहत अनुदान पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगवाने से उपभोक्ताओं को बिजली बिल से मुक्ति मिल जाएगी। जनपद के करीब 20 हजार उपभोक्ता हैं, जिनको योजना का लाभ दिया जाना है। पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण पूर्व में शुरू हो चुका है। अब तक बड़ी संख्या में आवेदन हो चुके हैं।
योजना के तहत 300 यूनिट की बिजली के साथ ही उपभोक्ताओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की सब्सिडी दी जाएगी। एक किलोवाट के सोलर प्लांट का अनुमानित व्यय 60 हजार रुपये है, जिस पर 45 हजार का अनुदान है। दो किलोवाट पर 1.20 लाख का खर्चा है, जिस पर 90 हजार अनुदान दिया जाएगा। तीन किलो वाट पर 1.80 लाख रुपये है, जिस पर 1.08 लाख का अनुदान दिया जाएगा।
विभागीय अफसरों के अनुसार, सोलर रूफटॉप लगवाने के लिए पोर्टल पर पंजीकृत लाभार्थी को बैंक से लोन उपलब्ध कराने की व्यवस्था है। परियोजना अधिकारी कमलेश सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत ऑनलाइन पंजीकरण हो रहे हैं। अब तक कितने पंजीकरण हुए है यह बिजली विभाग बताएगा।
जनपद में छह डिविजन है। इस योजना के तहत सभी डिविजनों में आवेदन हो रहे है। लखीमपुर डिविजन के एक्सईएन शैलेश कुमार ने बताया कि उनके यहां अब तक 103 पंजीकरण हुए हैं।