फरधान। थाना क्षेेत्र के कैमहरा कस्बे के मोहल्ला लोनियाना में खाना बनाते समय चूल्हे की चिंगारी से आग लग गई। आग की लपटों से छप्पर के नीचे रखा गैस सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गय। इससे आग ने विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते 25 घर जलकर राख हो गए। फायर ब्रिगेड ने लोगों की मदद से बमुश्किल आग पर काबू पाया। घर में रखी नकदी, जेवर, कपड़े, बर्तन और अनाज सहित लाखों का सामान जल गया।
शनिवार की दोपहर कैमहरा निवासी सियाराम की पत्नी सावित्री चूल्हे पर खाना बना रहीं थीं। तभी चूल्हे से उठी चिंगारी से छप्पर में आग लग गई। आग पाकर छप्पर के नीचे रखा गैस सिलिंडर तेज धमाके के साथ फट गया, जिससे आग और तेज हो गई। सिलिंडर के टुकड़े काफी दूर तक जा गिरे। इससे अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने पल्लू, रामेंद्र, रामदीन, इंद्रपाल, शत्रोहन, श्रवण, चन्नू, राकेश, रामदेवी, प्रकाश, गोविंद, रामनरेश, रामनिवास सहित 25 लोगों को चपेट में ले लिया। चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। फरधान प्रभारी निरीक्षक एसएन सिंह भी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड ने लोगों की मदद से बमुश्किल आग पर काबू पाया। लेखपाल ने मुआवजे के लिए पीड़ितों की सूची बनाकर प्रशासन को भेजी है।
आग ने खोल दी सरकारी योजनाओं की कलई
लोनियाना मोहल्ला में अधिकतर गरीब लोग हैं। किसी तरह मजदूरी करके वह गुजर-बसर कर रहे हैं। गरीब होने के बावजूद इन्हें सरकारी आवास नहीं दिया गया है। शनिवार को आग में इनके घरौंदे स्वाहा हुए तो सरकारी योजनाओं की सच्चाई भी सामने आ गई।