ट्रक से गिरकर हेल्पर की मौत, ड्राइवर पर रिपोर्ट
मैगलगंज। नेशनल हाईवे पर लिधियाई गांव स्थित वन विभाग की पौधशाला के निकट मंगलवार की सुबह 30 वर्षीय युवक का शव मिला, जिसकी ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक फतेह सिंह मौके पर पहुंचे शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया, लेकिन किसी ग्रामीण ने शिनाख्त नहीं की। तब मृतक की जेब से मिले आईडी कार्ड के आधार पर बरेली के थाना कैंट के गांव बारी नगला निवासी 30 वर्षीय बबलू पुत्र चंदन शर्मा के रूप में पहचान हुई है। सूचना पाकर मृतक के भाई सर्वेश भी थाना मैगलगंज पहुंचे और तहरीर देकर ट्रक ड्राइवर राजकुमार पुत्र आनंदपाल निवासी गांव गोथ थाना कटघर जिला मुरादाबाद के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर फतेह सिंह ने बताया कि मृतक पेशे से ट्रक का हेल्पर था, जो चलती ट्रक से गिर गया था। ट्रक ड्राइवर उसे वहीं पड़ा छोड़कर चला गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।