दो गांवों के पास टहलता दिखा बाघ, ग्रामीणों में दहशत
ममरी। वन रेंज मोहम्मदी (महेशपुर) क्षेत्र के दो स्थानों पर गांव की आबादी के पास खेतों में बाघ टहलते देखे जाने से स्कूल जा रहे बच्चों में भगदड़ मच गई। बाघ के पगचिह्न मिलने की पुष्टि वन कर्मियों ने की है।
सुबह आठ बजे कुछ बच्चे स्कूल जा रहे थे, उधर गौरीगंज गांव के कुछ ग्रामीण खेतों में धान की कटाई करने जा रहे थे, उसी वक्त गौरीगंज गांव की आबादी से 200 मीटर की दूरी पर योगेंद्र सिंह के गन्ने के खेत की मेड़ पर बाघ खड़ा दिखाई दिया, जिसे देखते ही ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के होश उड़ गए। वहां भगदड़ मच गई। शोर मचाने पर बाघ गन्ने में घुसकर दक्षिण दिशा की ओर चला गया। सूचना पर पहुंचे वनरक्षक श्याम किशोर शुक्ला, राधेश्याम, अनीस खां ने जुते खेत में बाघ के पग चिह्न मिलने की पुष्टि की है।
देवीपुर बीट जंगल के पास मन्नापुर गांव के पास गन्ने और धान के खेतों में भी बाघ देखा गया। शोर मचाने पर बाघ वापस जंगल में चला गया। फॉरेस्टर रामप्रसाद ने बताया कि मन्नापुर के इर्द-गिर्द गन्ने का एरिया कम होने की वजह से बाघ देर तक खेतों में नहीं टिक पाता है।