15एलकेएच 451 से 455 तक
पुरैना के हर घर में बुखार के मरीज
स्वास्थ्य विभाग का दावा नियंत्रण में है स्थिति
अमर उजाला ब्यूरो
निघासन। ग्राम पंचायत लुधौरी के मजरा पुरैना में बुखार पीड़ित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हर घर में बुखार के मरीज मिल रहे हैं। इसमें बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी शामिल हैं। इनकी संख्या करीब 80 है। हालांकि सीएचसी अधीक्षक से लेकर सीएमओ तक इतने लोगों के बुखार से पीड़ित होने से इनकार कर रहे हैं। स्वास्थ्य अधीक्षक का कहना है कि गांव में टीम भेजकर सभी को दवाएं दी गई हैं और प्रधान को एंटी लार्वा का छिड़काव कराने को कहा गया है।
घाघी नाला फट जाने से गांव में बाढ़ का पानी भरा हुआ है। एक तरफ बाढ़ के पानी का कहर दूसरी तरफ बुखार का। जलभराव होने के कारण संक्रामक रोग भी तेजी से पांव पसारने लगे हैं। गांव में मंदिर के रास्त से लेकर बड़ा पुरैना जाने वाले रास्तों पर गंदगी का अंबार है। ग्रामीणों ने बताया कि अब तक कहीं भी एंटी लार्वा का छिड़काव नहीं हुआ है और न फागिंग कराई गई है। खानापूर्ति के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने आकर कुछ लोगों को बुखार आदि की दवा दी। शेष लोगों को सीएचसी आने की बात कहकर चली गई। सीएचसी अधीक्षक निघासन डॉ.अरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि गांव में टीम गई थी। बीमार लोगों को दवा देकर सीएचसी आकर दवा लेने की भी सलाह दी है।
इन घरों में हैं बुखार पीड़ित
डोरेलाल और उनकी पत्नी जयदेवी, लज्जादेवी पत्नी रामगोपाल, घनश्याम की पत्नी माधुरी और उनके तीनों बच्चे, मेवालाल और उनके पांच बच्चों सहित रामनिवास, हेमकरन, छत्रपाल, सहजराम, अशर्फी के घर में बच्चे और महिलाएं एवं राकेश, रामबहादुर, रंगीलाल के बच्चे, गजराज, जुगल किशोर, पैकरमा, छडीराम, पूरन, दिनेश सहित करीब सौ से अधिक लोग बुखार की चपेट में हैं।
वर्जन
निघासन से स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पुरैना गांव जाकर बुखार पीड़ितों को दवा दी। अधीक्षक को बुखार पीड़ितों की स्लाइड बनाने के लिए कहा गया है, जिससे बुखार की जानकारी हो सकी। गांव में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जाएगा।
- डॉ.मनोज अग्रवाल सीएमओ
बुखार पीड़ितों में बच्चों की संख्या अधिक
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। बच्चों पर बुखार का कहर जारी है। इससे पीड़ित बच्चों के भर्ती होने का सिलसिला नहीं थम रहा है। शनिवार को भी बुखार पीड़ित तीन बच्चे चिल्ड्रन वार्ड में भर्ती हुए। उधर आईसीयू वार्ड में भर्ती एईएस प्रभावित दो बच्चों को लखनऊ रेफर कर दिया गया, जबकि एक बच्चे का इलाज जारी है।
सीतापुर के सलारपुर निवासी सलीम ने नौ वर्षीय पुत्री मासूम, रामनगर निवासी लालता प्रसाद ने 12 वर्षीय पुत्र मोनू, एवं शहर के मेलामैदान निवासी आलोक ने डेढ़ वर्षीय पुत्र विहान को बुखार आने पर चिल्ड्रन वार्ड में भर्ती कराया है। उधर आईसीयू वार्ड में भर्ती महेशपुर निवासी रोशन लाल के आठ वर्षीय पुत्र राजू एवं फरधान के पडरिया कला निवासी रामलाल के नौ वर्षीय पुत्र शोभित की हालत में सुधार न होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया जबकि गोला के घरथनियां निवासी रामभरोसे की 12वर्षीय पुत्री राधा का इलाज चल रहा है।