मछली पकड़ने गए दो भाई तालाब में डूबे, एक की मौत
दूसरे की हालत गंभीर, लखनऊ में भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
खीरी टाउन। मछली पकड़ने गया मोहल्ला कटरा निवासी 11 वर्षीय फैसल और उसका आठ वर्षीय भाई साहिल तालाब में डूब गया। इससे वहां हड़कंप मच गया। लोगों ने किसी तरह से दोनों को बाहर निकला। घर वाले दोनों को अस्पताल लाए, जहां डॉक्टर ने फैसल को मृत घोषित कर दिया, जबकि साहिल को लखनऊ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
मोहल्ला कटरा निवासी बबलू ने बताया कि मंगलवार की शाम उनका पुत्र फैसल छोटे भाई साहिल के साथ घर से कुछ दूर स्थित खलिया तालाब में मछली मारने गया था। दोनों तालाब में घुस गए। पानी अधिक होने के कारण दोनों डूबने लगे। तालाब के पास मौजूद लोगों ने शोर मचाया। इस पर मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंच गए। किसी तरह पहले साहिल और उसके कुछ देर बाद फैसल को बाहर निकाला। दोनों को परिवार के लोग लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टर ने फैसल को मृत घोषित कर दिया। हालत गंभीर होने पर साहिल को लखनऊ मेडिकल कॉलेज भेज दिया, जहां साहिल की हालत ठीक बताई जा रही है।