जंगबहादुरगंज। कस्बे के भिलावां गांव में लोहड़ी पर हुए कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा राज ने किसानों को जहां रासायनिक उर्वरकों के प्रयोग से बचने की नसीहत दी, तो वहीं अधिकारियों को अपनी मानसिकता बदलने की नसीहत भी दी। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपनी मानसिकता बदलें अन्यथा कार्रवाई को तैयार रहें।
भिलावां गांव निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य गुरमेज सिंह के आवास पर आयोजित कार्यक्रम की मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री ने कहा कि अधिक उपज पाने के लिए किसान अंधाधुंध रासायनिक उर्वरकों का प्रयोग कर रहे हैं। इससे जमीन बंजर हो रही है। जमीन बंजर न हो इसके लिए परंपरागत खेती करने का तरीका अपनाना होगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अति गरीबों की आर्थिक दशा सुधारने के लिए उन्हें गाय, भैंस, बकरी और चार सौ मुर्गी अनुदान में देगी। कृषि महाविद्यालय के लिए उन्होंने विधायक से प्रस्ताव देने को कहा। मोहम्मदी विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि बहन, बेटियों की सुरक्षा के लिए ही यूपीकोका लागू हुआ है। अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष विवेक शुक्ल, अनिल शुक्ल, श्याम किशोर अवस्थी, अखिलेश त्रिवेदी, डॉ. संजीव कनौजिया, सुशील त्रिवेदी, अंकुर यादव, भूरे खां, रमाकांत मिश्रा, वैभव प्रताप सिंह, साहब सिंह, हरमिंदर सिंह मौजूद रहे। संचालन जिला महामंत्री मनोज वर्मा ने किया ।