लखीमपुर खीरी। इंटरमीडिएट में 92.4 प्रतिशत अंक लाकर छात्रा अंशिका ने भले ही अपने माता-पिता और कॉलेज का नाम रोशन किया हो, लेकिन उसका मेधावी बनना उसके मोहल्ले के लोगों के लिए भी सौभाग्यशाली रहा। लखनऊ में हुए सम्मान समारोह में उपमुख्यमंत्री के मेधावियों के घर तक सड़क बनवाने के ऐलान के बाद उसके घर तक पक्की सड़क बनने जा रही है। शासन ने इसके लिए 47 लाख 92 हजार रुपये का बजट जारी किया है।
ग्राम पंचायत राजापुर के मोहल्ला राजाजीपुरम निवासी उपडाकपाल अरविंद अवस्थी की पुत्री और सनातनधर्म बालिका इंटर की छात्रा अंशिका को इंटर में 92.4 (462) प्रतिशत अंक मिले थे। इसके लिए उसे चार अक्तूबर 2017 को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में अमर उजाला के मेधावी छात्र सम्मान समारोह में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्या ने सम्मानित करते हुए मेधावियों के घर तक सड़क निर्माण का ऐलान किया था। जिस पर शासन ने छात्रा के घर तक के 625 मीटर कच्चे रास्ते के निर्माण के लिए 47 लाख 92 हजार रुपये का बजट जारी किया है। इससे मोहल्ले के लोगों में खुशी है। मोहल्ला निवासी अज्जू सिंह, अनिल त्रिवेदी, राममंगल अवस्थी, आदित्य वर्मा का कहना है कि बिटिया के मेधावी बनने से मोहल्ले की किस्मत खुल गई। अब हम लोगों को इस कच्चे रास्ते से छुटकारा मिलेगा।