गोला गोकर्णनाथ।
कृषि उत्पादन मंडी समिति में हुई मतगणना में गोला की निर्दलीय प्रत्याशी मीनाक्षी अग्रवाल ने भाजपा के विजय कुमार शुक्ल को 5621 मतों से शिकस्त देकर चुनाव जीत लिया। इसके अलावा मैलानी में भी निर्दलीय प्रत्याशी सत्यवती ने सपा को हराकर क्षेत्र में अपना झंडा बुलंद कर दिया।
मंडी समिति में हुई मतगणना में अध्यक्ष की 16 और सदस्य पद के लिए 12 टेबल लगी थीं, जिन पर सुबह आठ बजे से अध्यक्ष पद के 11 और सदस्य पद के 129 प्रत्याशियों के लिए मतों की गिनती शुरू हुई। चार चक्रों में हुई मतगणना में निर्दलीय प्रत्याशी मीनाक्षी अग्रवाल ने पहले ही चक्कर में भाजपा प्रत्याशी विजय शुक्ला रिंकू पर 1176 मतों की बढ़त बना ली। पहले चक्र की बढ़त अंतिम चक्र तक बनी रही। अंतिम राउंड तक मीनाक्षी अग्रवाल को 12789 और निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के प्रत्याशी विजय शुक्ल रिंकू को 7168 मत मिले। निवर्तमान पालिका अध्यक्ष निर्दलीय प्रत्याशी मीनाक्षी अग्रवाल ने 5621 मतों से जीत हासिल कर ली। जीत की घोषणा होते ही मंडी समिति के गेट के बाहर समर्थकों की भीड़ नारेबाजी करते हुए अबीर गुलाल के साथ जश्न मनाने लगी। वहीं दूसरे राउंड की मतगणना के बाद पीछे रहे प्रत्याशियों के चेहरे लटकते दिखे और बारी-बारी से मतगणना स्थल से अपने घर के लिए रवाना होते रहे।
इसके अलावा मैलानी नगर पंचायत से कांग्रेस के चंद्रभान को 39, सपा के जगदीश प्रसाद को 1887, भाजपा की फूलमती को 1626, बसपा के रामकिशन को 103, निर्दलीय प्रत्याशी अर्जुन सिंह को 211, धर्मेंद्र को 216, राजेश कुमार को 523 और सत्यवती को 2115 मत मिले, जबकि नोटा पर 22 और 243 मत रद्द घोषित किए गए। निर्दलीय प्रत्याशी सत्यवती का रेल का इंजन कुछ इस तरह चला कि उसने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा के प्रत्याशी जगदीश प्रसाद को 228 मतों से पराजित कर दिया। विजयी प्रत्याशी सत्यवती को निर्वाचन अधिकारी ओपी सिंह ने सिंह ने प्रमाण पत्र दिया।
51329 में 30901 पड़े वोट
गोला गोकर्णनाथ।
नगर पालिका में कुल 51329 मतदाता हैं, जिसमें 29 नवंबर को हुए मतदान में कुल 30901 वोटरों ने मतदान किया, जिसमें बसपा के जफरुल्ला खां को 777, कांग्रेस के रवि गुप्ता को 360, सपा के वारिस अली को 4847, भाजपा के विजय शुक्ल रिंकू को 7168, निर्दलीय प्रत्याशी अशोक कुमार अग्रवाल को 541, गौरव गिरि को 637, मीनाक्षी अग्रवाल को 12789, रेखा पत्नी ओमप्रकाश को 1503, रेखा गुप्ता पत्नी प्रमोद कुमार को 246, शिव गोपाल गुप्ता को 941, सुशील कुमार को 122 मत मिले।
108 वोटर ने दबाया नोटा
नगर निकाय चुनाव में हर वर्ग के प्रत्याशी वोटरों को लुभावने नारों के साथ रिझाने का प्रयास करते रहे। मतगणना में स्पष्ट हो गया कि नगर के 108 मतदाताओं को इनमें से कोई प्रत्याशी पसंद नहीं आया। मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए अपनी जागरूकता दिखाते हुए 108 वोटरों ने नोटा को वोट किया। चुनाव में 892 वोट रद्द रहे।