नवरात्र के चौथे दिन श्रद्धालुओं ने देवी के कूष्मांडा स्वरूप की अराधना की। देवी मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही, जिन्होंने कतारबद्ध होकर मां का दर्शन-पूजन किया। मंदिरों में दिन भर मां के जयकारे और घंटा घड़ियाल गूंजते रहे। भीड़ के चलते संकटा देवी मंदिर में सुबह से लेकर देर रात तक मेला लगा रहा।
संकटा देवी मंदिर में खीरी जिले के अलावा बड़ी संख्या में आसपास जिलों के श्रद्धालु भी जुटे। सुबह चार बजे से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। देवी प्रतिमा के भव्य श्रंगार के बाद महाआरती हुई। आरती में श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाते हुए परिवार की सुख समृद्धि की कामना की।
तंत्र साधना के प्रमुख केंद्र मां शीतला देवी मंदिर में भी सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही। जागरण के लिए बनाए गए विशेष पंडाल में स्थापित देवी प्रतिमा की भी श्रद्धालुओं ने पूजा अर्चना की। नवरात्र का उपवास रखने वालों ने घरों में दुर्गा सप्ततशती और दुर्गा चालीसा आदि का पाठ किया। रात में जागरण कर भजनों के माध्यम से मां का गुणगान किया। उधर वंकटादेवी मंदिर व भुइयां माता मंदिर में मंगलवार को भी दिन भर धार्मिक आयोजनों का सिलसिला जारी रहा। इन मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। ग्रामीण क्षेत्रों में भी नवरात्र की धूम है। नवरात्र के चलते पूरे जिले का वातावरण भक्ति से सराबोर हो उठा है।
गोला गोकर्णनाथ। नगर के मोहल्ला मुन्नूगंज के रक्षा देवी मंदिर में सजी देवी मां की मूर्ति के समक्ष श्रद्धालुओं मां की कथा सुनकर पुण्य कमा रहे हैं। वहीं बिझौली क्षेत्र के गांव चिंतापुरवा स्थित माता के मंदिर पर चल रहे नौ दिवसीय जागरण कार्यक्रम में तीसरे दिन बृजेश ने मैया मेरी शेरों वाली गीत प्रस्तुत किया। मइया का चोला है रंगला गीत के माध्यम से लोगों को अपने साथ थिरकने पर मजबूर कर दिया। महिलाओं ने भी उनके साथ नृत्य प्रस्तुत कर तालियां बजाई। कलाकार रूपराम कश्यप ने रामजी चले न हनुमान के बिना, हनुमान न चले श्रीराम के बिना गीत प्रस्तुत किया। इसके अलावा बालाजी का अखाड़ा, काली मां का तांडव सहित कई अन्य झांकियां प्रस्तुत की। इस मौके पर पूर्व विधायक रामसरन, जिला पंचायत सदस्य महेशचंद्र कनौजिया, लक्ष्मीकांत शास्त्री, रामेश्वर सिंह, पुजारी बलबीर कुमार, बीडीसी सदस्य उमेश सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।
ममरी। महेशपुर गांव के दक्षिण कठिना नदी के टीले पर स्थित माता पूर्णागिरि मंदिर पर लगने वाला अर्द्घवार्षिक मेला एक अक्टूबर से शुरू हो रहा है। मंदिर पुजारी चेतराम कुशवाहा, पूर्व प्रधान ओरीलाल वर्मा, माता रानी के सेवक परमेश्वरदीन, जगदीश प्रसाद वर्मा ने बताया कि मां के मंदिर पर हवन, कन्या भोज, भंडारे का आयोजन किया जाएगा। जिसकी तैयारियां शुरु कर दी गई हैं। वहीं, दुर्गा जागरण कमेटी के सौजन्य से अहमदनगर गांव के चौराहे पर 30 को 19 वां दुर्गा जागरण होगा। कमेटी के आशीष राठौर, प्रधानपति मुकेश गुप्ता ने बताया कि 21 सितंबर से हो रही श्रीमद्भागवत कथा में 29 सितंबर तक वंशी ग्रुप हल्द्वानी के कलाकार मनमोहक सजीव झांकियां प्रस्तुत मां की महिमा का बखान करेंगे। समापन पर कन्या भोज, प्रसाद वितरण किया जाएगा।
बांकेगंज। बांकेश्वर महादेव व राधाकृष्ण मंदिर घंटा घड़ियाल और मां के जयकारों से गूंजते रहे। मंदिर प्रांगण में महिलाओं ने भजन-कीर्तन का आयोजन किया। इस दौरान अंबा है मेरी मां, दुर्गा है मेरी मां के गीतों पर भक्त खूब थिरके। दुर्गा पूजा महोत्सव पंडाल में आयोजित भागवत कथा के चौथे दिन कथा व्यास पं कुसुम शास्त्री ने कृष्ण जन्म की कथा सुनाई। कथा सुनकर भाव विभोर हुए श्रद्धालुओं ने नटखट नंदलाल के जयकारे लगाए। समापन के बाद आरती प्रासाद वितरण हुआ। कमेटी अध्यक्ष गोविंद राम गोयल सहित व्यास गद्दी सेवादार और भक्त मौजूद रहे।
बेलरायां खीरी। नवरात्र के चौथे दिन देवी भक्तों ने मंदिरों में माता कूष्मांडा की पूजा कर परिवार में सुख, समृद्धि की कामना की। रेलवे स्टेशन रोड के शिव मंदिर पर महिलाओं ने ढोल-मंजीरे की थाप पर भक्ति गीत गाकर माता रानी का जगराता किया।
मां वैष्णो दरबार में हुआ सुंदरकांड पाठ
गोला गोकर्णनाथ।
मिल की पुरानी कॉलोनी में सजे 21वें मां वैष्णों दरबार में सुंदरकांड पाठ हुआ।
सुंदरकांड पाठ की मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिभा सिंह, विशिष्ट अतिथि धर्मेंद्र सिंह, रमेशचंद वर्मा ने मातारानी के रुप में सजी कन्या का तिलक वंदन और आरती कर पाठ प्रारंभ कराया। रात्रि 11 बजे तक संगीतमय सुंदरकांड में श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर हो गए और बीच-बीच में भगवान श्रीराम और माता रानी के जयकारे लगाते रहे। इस मौके पर समिति के अवथधेश श्रीवास्तव दीपूलाला, अतुल पुरवार, बालकिशन मिश्रा, अवधेश गुप्ता, अंकुश माहेश्वरी, अरुण श्रीवास्तव आदि पदाधिकारी मौजूद रहे।