लखीमपुर खीरी। एसएसबी तृतीय वाहिनी सेक्टर मुख्यालय पर रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया। सेक्टर मुख्यालय पहुंचे विभिन्न स्कूलों के छात्रों ने अधिकारियों और जवानों को राखी बांधी।
इस मौके पर कमांडेंटर मुकेश कुमार ने स्कूली छात्राओं को रक्षाबंधन पर्व के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि त्योहार पर बांधा जाने वाला रक्षासूत्र मात्र एक धागा नहीं है। यह भाई बहन के अटूट प्रेम और विश्वास का प्रतीक है। कहा कि जवान अपने घर से कोसों दूर सीमा पर रहकर देश की सुरक्षा के लिए हर समय तैयार रहते हैं। ऐसे में छात्राओं द्वारा बांधा गया रक्षासूत्र उन्हें घर से दूर होने की कमी के एहसास से दूर रखता है। इससे जवानों में उत्साह बना रहता है। बहनों के राखी बांधने पर जवानों ने भी छात्राओं को देश की सुरक्षा का वचन दिया। इस दौरान सरस्वती शिशु मंदिर सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज सहित कई स्कूल और कॉलेज के छात्र छात्राएं व आशीष कुमार पांडे, नैंसी सिंग्ला सहित कई अधिकारी और जवान मौजूद रहे।
बेलरायां। गायत्री मिशन के तत्वाधान में एसएसबी चौकी डांगा में 101 बहनों ने जवानों को राखी बांधी और दीर्घ आयु की कामना की। जवानों ने भी बहनों को उपहार देकर सीमा की सुरक्षा का संकल्प लिया है। कार्यक्रम का शुभारंभ गायत्री परिवार के तहसील संयोजक लक्ष्मी नारायण वर्मा ने गायत्री मंत्र के साथ किया। ग्राम लालापुर, हरद्वाही, निबौरिया, मोतीपुर, भैड़ोरी आदि गांवों की बहनें शामिल रहीं। एसएसबी चौकी डांगा इंचार्ज एलप्रियो कुमार, शिरोमणी शुक्ला, छोटे लाल वर्मा, नाथूलाल वर्मा, अवधेश वर्मा, सुरेश दिनकर के अलावा बड़ी संख्या में जवान मौजूद रहे।