लखीमपुर खीरी। जिला अस्पताल के चिल्ड्रेन वार्ड में शुक्रवार को भर्ती हुए बुखार पीड़ित दोनों बच्चों को एईएस के चलते आईसीयू वार्ड में शिफ्ट किया गया है। वहीं पहले से भर्ती दो बच्चों की हालत में सुधार ना होने पर उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया।
मितौली क्षेत्र के गांव दारी निवासी लोकराम ने बताया कि उनके सात साल के पुत्र संदीप को बुखार आ रहा था, जिसे दवा दिलवाई थी, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। इसलिए उसे जिला अस्पताल लेकर आए थे और डॉक्टरों ने उसे भर्ती कर लिया। वहीं खीरी के हनिया टोला निवासी अजय कुमार ने बताया कि उनकी तीन साल की बेटी रिषा को बुखार आ रहा था, कस्बे के सरकारी अस्पताल में दिखाया था, लेकिन फायदा ना होने पर उसे जिला अस्पताल लेकर आए थे, जिसे चिल्ड्रेन वार्ड में भर्ती कर लिया और बाद में आईसीयू वार्ड भेज दिया। डॉक्टरों का कहना है कि दोनो बच्चों के सैैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी पता चल सकेगी, लेकिन बच्चों की हालत को देखते हुए उन्हें आईसीयू वार्ड में शिफ्ट कर दिया गया है।
इस दौरान पहले से भर्ती बुुखार पीड़ित छाया और आरती की सेहत में सुधार ना होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया है।
...........