लखीमपुर खीरी। बाघ सुरक्षा माह की तर्ज पर 20 मार्च से 20 अप्रैल तक प्रदेश भर में तेंदुआ सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इसकी शुरुआत 20 मार्च को हो चुकी है। इस माह के तहत जंगल के आसपास बसे लोगों को तेंदुओं की सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। इस दौरान जिले भर में विभिन्न कार्यक्रम भी होंगे।
दुधवा टाइगर रिजर्व बफर जोन के उपनिदेशक डॉ. अनिल कुमार पटेल ने बताया कि तेंदुओं की सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए 27 मार्च से तेंदुआ एक्सप्रेस वैन निकाली जा रही है। यह वैन जिले के सभी रेंजों में भ्रमण कर लोगों को न केवल तेंदुओं की सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगी बल्कि लोगों को तेंदुए से बचाव के तरीके भी बताएगी।
उन्होंने यह भी बताया कि यह तेंदुआ एक्सप्रेस वैन जहां पड़ाव डालेगी वहां मानव और पशु चिकित्सा शिविर भी लगाए जाएंगे। इसमें डॉक्टर पशुओं का परीक्षण कर उनका मुफ्त इलाज करेंगे। इंसानों के लिए भी चिकित्सा शिविर लगाए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का मकसद लोगों के बीच यह संदेश पहुंचाना है कि वन विभाग लोगों का मददगार है।