दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन अंतर्गत मैलानी रेंज की जटपुरा बीट के चौधीपुर गांव में तेंदुए का आतंक थम नहीं रहा है। बृहस्पतिवार शाम आठ बजे करीब गन्ने के खेत से निकले एक तेंदुए ने फार्म हाउस के पालतू कुत्ते पर हमला कर मार डाला। यहीं नहीं तेंदुआ कुत्ते के शव को जबड़े में दबाकर गन्ने के खेत में ले गया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना वन विभाग को दी है। घटनास्थल पर पहुंचे फारेस्ट गार्ड ने तेंदुआ की मौजूदगी की पुष्टि की है।
बांकेगंज कस्बा से तीन किलोमीटर दूर स्थित चौधीपुर से सटे सुनील शर्मा के फार्म हाउस पर पालतू कुत्ता बैठा हुआ था। इस दौरान गन्ने के खेत से निकले तेंदुए ने कुत्ते पर हमला कर उसे मार डाला। कुत्ते के चीखने पर मड़ैया में भोजन कर रहा चौकीदार जब बाहर निकला इससे पहले तेंदुआ कुत्ते को जबड़े में दबाकर गन्ने खेत में चला गया। ग्रामीणों सुनील शर्मा, ओमप्रकाश, राजाराम आदि का कहना है कि अब तक इस गांव में तेंदुए दो दर्जन से अधिक बकरियों और 25 कुत्तों को निवाला बना चुके है। हालात यह है कि इस इलाके से कुत्ते पूरी तरह से गायब हो रहे हैं। ग्रामीणों का दावा है कि चौधीपुर गांव के पास एक नहीं बल्कि दो तेेंदुए सक्रिय हैं। कई बार ऐसा भी हुआ कि इसी इलाके में इन दोनों ने अलग-अलग जगहों पर एक दिन के अंदर ही दो जगहों पर शिकार किया है। अनुमान है इस स्थान पर दो तेंदुए सक्रिय हो सकते हैं। हालांकि वन विभाग यह मानने को तैयार नहीं है।
घटना संज्ञान में आई है। मैलानी वन कर्मियों को तेंदुए की निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। तेंदुआ काफी फुर्तीला होता है,इससे इसकी लोकेशन जल्दी ट्रैस होने में दिक्कत आती है। ग्रामीणों को सलाह है कि वे अपने पालतू पशुओं की सुरक्षा करें।
डॉ अनिल कुमार पटेल, डीडी, दुधवा टाइगर रिजर्व बफरजोन