लखीमपुर खीरी। उत्तर प्रदेश पॉवर कार्पोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ की बैठक प्रदेश महामंत्री देवेंद्र कुमार पांडेय की अध्यक्षता में हुई। बैठक में बिजली कर्मचारियों की ज्वलंत समस्याओं पर चर्चा की गई। साथ ही जिला कार्यकारिणी का चुनाव किया गया। संघ ने समस्याओं का निस्तारण न होने पर अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया।
विलोबी मेमोरियल ट्रस्ट सभागार में प्रदेश महामंत्री देवेंद्र कुमार पांडेय ने कहा कि लखीमपुर में संविदा कर्मचारियों को 8200 रुपये के स्थान पर वेतन के रूप में 6200 रुपये दिये जाते हैं। बाद में कर्मचारियों से 1000 रुपये प्रति माह वापस ले लिया जाता है, जो कर्मचारी रुपये वापस करने से मना करता है। उसे कार्य से हटा दिया जाता है। ईपीएफ में करोड़ों रुपये का घोटाला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि समस्याओं का निस्तारण न किया गया तो संघ अधीक्षण अभियंता कार्यालय का घेराव करने में भी कोई संकोच नहीं करेगा। बैठक को संघ के बदायूं जिलाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह सहित कई पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। चुनाव अधिकारी लल्लूराम की देखरेख में ध्रुव कुमार मिश्र को संघ का जिलाध्यक्ष, पंकज अवस्थी कोषाध्यक्ष, राम बहादुर, नरेंद्र सिंह उपाध्यक्ष, अमित कुमार मिश्र महामंत्री और अंकित कुमार उपमहामंत्री चुना गया।