लिंटर गिरने से पूर्व प्रधान की मौत, एक घायल
क्रासर..........
गांव के ही एक व्यक्ति के साथ बैठकर कर रहे थे बातें
अमर उजाला ब्यूरो
26एलकेएच18
गुलरिया। भीरा थाना क्षेत्र के गांव भानपुर में बरामदे का लिंटर गिर जाने से पूर्व प्रधान समेत दो मलबे में दबकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां पूर्व प्रधान ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही गांव में रक्षाबंधन की खुशियां शोक में बदल गई।
भानपुर के पूर्व प्रधान धर्मेश कुमार अग्निहोत्री का बाजार में काफी पुराना मकान है। रविवार को करीब चार बजे बाहर बरामदे में पूर्व प्रधान गांव के ही नसीर के साथ बैठकर बातें कर रहे थे, तभी अचानक बरामदे का लिंटर भरभराकर गिर गया। दोनों लोग मलबे में दब गए। इसकी जानकारी होते ही परिजनों और पड़ोसियों ने मलबा हटाकर दोनों को गंभीर घायल अवस्था में बाहर निकाला और बिजुआ सीएचसी ले गए, जहां से डाक्टर ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान पूर्व प्रधान धर्मेश कुमार की मौत हो गई, जबकि नसीर की हालत स्थिर है। पूर्व प्रधान की मौत की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। रक्षाबंधन के दिन हुए हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया।