हाईटेंशन लाइन छूने से डीसीएम के हेल्पर की मौत
गोला रोड पर डीसीएम पर चढ़कर रस्सी खोलते वक्त हुई घटना
सीतापुर के रामकोट थाना क्षेत्र का रहने वाला है म़तक छोटे
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। डीसीएम पर चढ़कर रस्सी खोलते वक्त सीतापुर जिले के थाना रामकोट के गांव महमूदपुर निवासी 18 वर्षीय छोटे मौर्या ऊपर गुजरी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टर ने छोटे को मृत घोषित कर दिया।
सीतापुर जिले के थाना मछरेहटा के गांव संडीला निवासी डीसीएम चालक अमित ने बताया कि वह लखनऊ से पारले जी बिस्किट भरकर शहर के गोला रोड स्थित राधेश्याम अग्रवाल के गोदाम पर सुबह करीब नौ बजे आया था। उसने डीसीएम बैक कर गोदाम के गेट पर खड़ी कर दी। गांव महमूदपुर निवासी हेल्पर छोटे मौर्या रस्सी खोलने के लिए डीसीएम पर चढ़ गया। रस्सी खोलते समय छोटे का हाथ ऊपर से गुजरी हाईटेंशन लाइन से छू गया, जिससे लगे करंट से वह डीसीएम के नीचे आ गिरा। इससे वहां हड़कंप मच गया। सूचना पर गोदाम कर्मचारी भी मौके पर पहुंच गए। कर्मचारी चालक अमित के साथ छोटे मौर्या को लेकर एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचे, जहां से डॉक्टर ने हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल भेज दिया। चालक जब उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचा तो डॉक्टर ने छोटा मौर्या को मृत घोषित कर दिया। सदर कोतवाली पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।