महाराजा अग्रसेन जयंती के मौके पर जिले भर में कई जगह शोभायात्रा निकली। खीरी शहर में अग्रवाल नवयुवक संघ और अग्रवाल महिला संघ के तत्वावधान में भव्य शोभायात्रा श्री अग्रवाल मारवाड़ी ठाकुरद्वारा से निकाली गई। इसमें बैंड बाजे की धुन पर अग्रवाल समाज के लाग नाचते गाते चल रहे थे और महाराजा अग्रसेन के जयकारें लगा रहे थे। वहीं गोला में महाराजा अग्रसेन की शोभायात्रा पहली बार नगर में निकली, जिसमें देवी देवताओं की झांकी और घोड़े जुते रथ पर अग्रसेन महाराज की झांकी सजी हुई थी। कई स्थान पर लोगों ने पुष्प वर्षा और जलपान करवाकर स्वागत किया।
शोभायात्रा में अग्रवाल समाज की महिलाओं की सहभागिता सबसे ज्यादा रही। शोभायात्रा मारवाड़ी मंदिर से अग्रसेन चौक हीरालाल धर्मशाला, मेनरोड सदर चौराहा, संकटा देवी रोड होते हुए सुभाष पार्क पहुंची जहां यह शोभायात्रा एक सभा में तब्दील हो गई। शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत किया गया। सभा में शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी शिव कुमार अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर महिलाओं और बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। त्रिदेवियों के स्वरूप पर नृत्य नाटिका का मंचन किया गया। जैसी करनी वैसी भरनी का संदेश देते हुए महिलाओं ने एक नाटक का मंचन किया, जो काफी प्रभावशाली रहा।
गोला गोकर्णनाथ। शिव मंदिर परिसर में बने श्री संकटमोचन हनुमान मंदिर से शाम को शोभायात्रा बैंडबाजों के साथ रवाना हुई, जिसमें आगे महेश पटवारी और बांकेगंज के श्यामलाल अग्रवाल ध्वज लेकर चल रहे थे। पीछे कई ट्रैक्टर ट्रालियों पर भगवान श्री गणेश, शिव परिवार, श्रीराम दरबार और मां लक्ष्मी की सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र थीं। इन झांकियां के पीछे महिलाओं का बड़ा जत्था कीर्तन गुनगुनाता, जयकारे लगाता चल रहा था। सबसे पीछे महाराजा अग्रसेन का चित्र रखे घोड़े जुते रथ पर था। शिव मंदिर मार्ग, अलीगंज मार्ग, सदर चौराहा होकर यात्रा लखीमपुर मार्ग स्थित एक राइस मिल पर पहुंची। वहां महाराजा अग्रसेन और देवी देवताओं की झांकियों की आरती उतारकर यात्रा का समापन हुआ।
शोभायात्रा में अग्रवाल महासभा के पदाधिकारी केशव अग्रवाल, अतुल अग्रवाल, सत्यप्रकाश अग्रवाल, रामप्रकाश अग्रवाल, दीपक हालन, अंकुर अग्रवाल, विवेक केडिया, गौरव केडिया, खेमचंद अग्रवाल, निवर्तमान नपाप अध्यक्ष मीनाक्षी अग्रवाल, मधु अग्रवाल, दीपक गुप्ता आदि मौजूद रहे।
अग्रसेन जयंती पर हवन, पूजन
मैलानी। महाराजा अग्रसेन जयंती के मौके पर अग्रसेन युवा समिति की ओर से सच्चिदानंद ट्रस्ट धर्मशाला में पंडित भूषण शर्मा ने हवन, पूजन कराया। इसके बाद प्रसाद वितरण किया गया। इस मौके पर अग्रवाल समाज के प्रभारी द्वारका प्रसाद गोयल, राजेश गोयल, साधूराम अग्रवाल, धर्मचंद्र गोयल, रमेश बंसल, नितिन सिंघल, राकेश गोयल, अनिल मित्तल, बिजेंद्र मित्तल, रामचंद्र अग्रवाल आदि मौजूद रहे।