लखीमपुर खीरी। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) में लक्ष्य के अनुरूप कार्य न करने वाले पांच बीडीओ को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। करीब 20 दिन पहले जिले के दौरे पर आए ग्राम्य विकास आयुक्त ने समीक्षा के दौरान सभी बीडीओ को 18 जून 2017 तक सभी लाभार्थियों को प्रथम किस्त जारी करने के आदेश दिए थे। इसके बाद भी काम पूरा होने पर सीडीओ अमित सिंह बंसल ने 20 जून को कारण बताओ नोटिस जारी किया था।
जिले में वर्ष 2017-18 में 26519 प्रधानमंत्री आवास बनाने का लक्ष्य निर्धारित है, जिसके सापेक्ष करीब 15 हजार लाभार्थियों को ही प्रथम किस्त जारी हुई है। शेष लाभार्थियों को भी 27 जून 2017 तक किस्त जारी करने के आदेश दिए गए थे। इससे पूर्व 16 जून को समीक्षा के दौरान सीडीओ ने तीन दिन में लाभार्थियों को किस्त जारी करने के निर्देश दिए थे, लेकिन समय बीतता गया और स्थिति ढाक के तीन पात वाली रही। इस पर कार्रवाई करते हुए सीडीओ ने ईसानगर के बीडीओ अजय कुमार पांडेय, पसगवां की बीडीओ नजमा सिद्दीकी, मोहम्मदी और बांकेगंज के बीडीओ अशोक कुमार सिंह और कुंभी के बीडीओ महेंद्र प्रताप यादव को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि निर्गत कर दी है।
=============================