मोहम्मदी। मोहम्मदी-पुवायां मार्ग पर गांव मगरेना में सड़क के किनारे खड़े सात वर्षीय बच्चे को तेज गति से आती एक कार ने रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मौत से घर में कोहराम मच गया। कार का लोगों ने बाइक से पीछा भी किया, लेकिन उसका पता न चला। हादसा शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे दिन में हुआ।
बताया जाता है कि मोहम्मदी-पुवायां मार्ग स्थित गांव मगरेना में डॉ रफायत का पोता जुनैद (07) पुत्र मुजीब खां अपने घर के सामने सड़क के किनारे खड़ा था। घर के सभी लोग जुमे की नमाज में शामिल होने मस्जिद गए हुए थे। तभी एक तेज गति से चलाते हुए कार वहां से गुजरी जो बच्चे को रौंदते हुए करीब 50 मीटर तक उसे घसीटते ले गई, जब तक उसकी चीख पुकार पर लोग पहुंचते तब तक कार चालक कार भगा ले गया। बच्चे की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। नमाज पढ़कर जब डॉ रफायत के परिवार के सदस्य वापस आए तो हादसा सुनकर सन्न रह गए। कुछ लोगों ने बाइक से कार का पीछा भी किया, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा बुझाकर गुस्सा शांत कराया। परिवारवालों ने बच्चे का पोस्टमार्टम कराने से इंकार करते हुए कोई कार्रवाई न करने की तहरीर दी है। गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।