लखीमपुर खीरी। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में धौरहरा लोकसभा सीट के लिए छह मई को होने वाले मतदान को संपन्न कराने के लिए रविवार को राजापुर मंडी परिसर से विधानसभा धौरहरा, कस्ता और मोहम्मदी के 1078 बूथों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना की गईं। भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद कर्मचारियों में लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाने का उत्साह दिखा। पोलिंग पार्टियां रवाना करते समय कर्मचारियों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के निवारण को परिसर में सचल चिकित्सा दल एंबुलेंस के साथ मौजूद रहा, जिसके डाक्टरों ने कई कर्मचारियों का परीक्षण कर दवाएं दीं।
मंडी परिसर में मतदान ड्यूटी में लगे कर्मचारियों और पुलिस बल के एकत्र होने का सिलसिला सुबह से ही शुरू हुआ, जिससे राजापुर मंडी मार्ग पर वाहनों के चलते जाम लग गया। कर्मचारियों की सुविधा के लिए ड्यूटी पत्र वितरण के लिए अलग काउंटर लगाए गए, जहां से ड्यूटी पत्र लेने के बाद कर्मचारियों ने अपनी पोलिंग पार्टी के साथ ईवीएम-वीवीपैट मशीन सहित निर्वाचन सामग्री प्राप्त की। इसके बाद परिसर में ही बैठकर पीठासीन अधिकारियों ने ईवीएम मशीन के साथ ही निर्वाचन सामग्री का मिलान किया। पोलिंग पार्टियों के कर्मचारी एक-दूसरे को खोजने के लिए भटकते दिखे। हालांकि कंट्रोल रूम और शिविर कार्यालय के जरिए अधिकारियों ने कर्मचारियों की समस्या का तुरंत समाधान कराया। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह, एसपी पूनम, धौरहरा के निर्वाचन अधिकारी रवि रंजन, एडीएम अरुण कुमार सिंह और एसडीएम सदर डॉ अरुण कुमार सिंह भी पोलिंग पार्टियों की रवानगी कराने के लिए बराबर काउंटरों का निरीक्षण करते रहे। पोलिंग पार्टियों की रवानगी 11.30 बजे से शुरू हुई, तो यह सिलसिला दोपहर दो बजे तक चला। इस दौरान ड्यूटी कटवाने के लिए कई कर्मचारी प्रयास करते देखे गए, जिस पर प्रभारी अधिकारी (कार्मिक) रामकृपाल चौधरी ने ड्यूटी काटने से साफ इंकार कर दिया। साथ ही बीमार/अक्षम कर्मचारियों के स्थान पर रिजर्व ड्यूटी के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए।
पहचान पत्र के लिए 11 विकल्प
निर्वाचन आयोग ने मतदाता पहचान पत्र के विकल्प के रूप में घोषित अभिलेखों में से मतदाता पर्ची को हटा दिया है, जिससे अब मतदाता पर्ची के साथ आयोग से निर्धारित 11 विकल्पों में से एक अभिलेख पोलिंग बूथ पर ले जाना होगा। विकल्पों में पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, सर्विस इंप्लाई कार्ड, बैंक/पोस्ट आफिस पासबुक, पैन कार्ड, स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम विभाग से जारी पहचान पत्र, पेंशन प्रपत्र (फोटो सहित), ऑफिसियल आईडेंटी कार्ड (एमपी, एमएलए, एमएलसी को जारी), आधार कार्ड को रखा गया है।
मतदान केंद्र पर नहीं ले जा सकेंगे मोबाइल
मतदान के लिए केंद्र पर पहुंचने से पहले अपने मोबाइल को सुरक्षित कर लें, क्योंकि सुरक्षाकर्मी आपको मोबाइल के साथ अंदर जाने नहीं देंगे। सहायक निर्वाचन अधिकारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि मतदान केेंद्र के अंदर मोबाइल का प्रवेश वर्जित है। इसलिए मतदाताओं से अपील है कि मोबाइल कहीं सुरक्षित रखकर ही मतदान केंद्र में प्रवेश करें।