लखीमपुर खीरी। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण वाली धौरहरा लोकसभा सीट से दूसरे दिन भी किसी प्रत्याशी ने नामांकन नहीं कराया है। पहले दिन 11 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र लिए थे, लेकिन जमा एक भी नहीं किया गया था। बृहस्पतिवार को 10 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र लिए हैं। वहीं दो दिनों में अब तक 21 उम्मीदवारों की आमद ने अधिकारियों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि 15 से अधिक उम्मीदवार होने पर प्रत्येक बूथ पर दो-दो ईवीएम लगानी पड़ेंगी।
न्यायालय अपर जिलाधिकारी कक्ष में आरओ रवि रंजन और एआरओ दिग्विजय सिंह का समय दूसरे दिन भी प्रत्याशियों के नामांकन कराने के लिए इंतजार करते बीता। दोपहर तीन बजे तक कोई प्रत्याशी नामांकन कराने नहीं पहुंचा। हालांकि इस दौरान प्रगतिशील समाजवादी पार्टी प्रत्याशी मलखान सिंह, हिन्दुस्तान निर्माण दल से बलजीत कौर, निर्दलीय वकार खान, भारतीय रिपब्लिक पक्ष से मुकेश कुमार, निर्दलीय गुलबहार खां, निर्दलीय चंद्रभाल, भारतीय अवाम दल से एसपी सिंह, निर्दलीय शिवकुमार सिंह चौहान, सर्व समाज जनता पार्टी से फदाली कश्यप और निर्दलीय राधेश्याम ने नामांकन पत्र लिया है। जबकि प्रमुख दलों समेत 11 प्रत्याशियों ने बुधवार को नामांकन ले लिए थे।
सीतापुर के प्रत्याशी भी ले रहे नामांकन
धौरहरा सीट पर अब तक 21 उम्मीदवार सामने आ चुके हैं, जिन्होंने नामांकन लिए हैं। इस सीट के लिए नामांकन ज्यादा लिए जाने की वजह सीतापुर जनपद की दो विधानसभा हरगांव और महोली को माना जा रहा है। हरगांव और महोली क्षेत्र के कई निर्दलीय एवं क्षेत्रीय दलों के उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र लिए हैं। अभी नामांकन के छह दिन शेष हैं, जिससे प्रत्याशियों के और बढ़ने की संभावना बनी हुई है। एक ईवीएम में मतदान के लिए 15 उम्मीदवार समेत एक नोटा का विकल्प रहता है। लिहाजा धौरहरा लोकसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथों पर दो-दो ईवीएम लगानी पड़ सकती है। हालांकि यह तस्वीर नामांकन वापसी के बाद ही स्पष्ट होगी।