लखीमपुर खीरी। दुधवा टाइगर रिजर्व की किशनपुर सेंच्युरी में रविवार को विचरण करते हुए नर और मादा बाघ को एक साथ देखा गया। बर्ड वॉचिंग में जुटी टीम ने यह अद् भुत पलों को बिना गवांए बाघ की तस्वीर कैमरे में कैद कर ली। किशनपुर में पहली बार नर और मादा बाघ दिखने की सूचना से वन अधिकारी और कर्मचारी बेहद खुश हैं।
दुधवा टाइगर रिजर्व के फील्ड डायरेक्टर रमेश कुमार पांडेय ने बताया कि बर्ड वॉचिंग में लगी टीम के सुरेश चौधरी, फजलूर रहमान और काजल दास गुप्ता आदि को भ्रमण के दौरान रविवार की दोपहर बाद नर और मादा बाघ एक साथ दिखे, लेकिन कैमरे में सिर्फ मादा बाघ की ही तस्वीर कैद कर पाए हैं। बाघ दिखने और कैमरे में तस्वीर कैद कर लेने से टीम के सदस्य खुशी से झूम उठे। किशनपुर में निरंतर बाघ दिखने से सैलानियों में खुशी की लहर है।