अभिभावक के न आने पर वार्डेन खुद छोड़ने जाएंगी बालिका
कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालयों के लिए नई एडवाइजरी जारी
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। बहराइच में कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्रा से रेप की घटना होने के बाद शासन के निर्देश पर नए निर्देश जारी किए गए हैं। बीएसए बुद्ध प्रिय सिंह ने मंगलवार को सभी 16 कस्तूरबा गांधी विद्यालयों की वार्डेन को आपात बैठक के लिए बुलाया, जिसमें सीडीओ रवि रंजन ने कहा कि छात्रा को सिर्फ अभिलेखों में दर्ज अभिभावक के साथ ही भेजा जाएगा। अभिभावक के न आने पर छात्रा को उसके घर तक सकुशल पहुंचाने की जिम्मेदारी वार्डेन की है। छात्राओं और स्टाफ की बायोमेट्रिक हाजिरी तीन बार लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
कलक्ट्रेट सभागार में बीएसए ने कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के लिए जारी निर्देशों के बारे में बताते हुए कहा कि सूर्योदय के बाद और सूर्यास्त से पहले छात्रा को उसके अभिभावकों के सुपुर्द किया जाएगा। शाम पांच बजे के बाद किसी पुरुष का प्रवेश कैंपस में नहीं होगा। प्रत्येक कमरे में रात को वार्डेन समेत अन्य शिक्षिकाएं निगरानी करेंगी। बीएसए ने बताया कि 16 विद्यालयों में करीब 1600 छात्राएं अध्ययनरत हैं। इनकी सुरक्षा के संबंध में नए निर्देश जारी किए गए हैं। बहराइच की घटना का जिक्र करते हुए सभी वार्डेन को सावधानी बरतने के लिए अलर्ट किया गया है।