फोटो संख्या 13एलकेएच408
जलस्तर बढ़ने से शारदा नदी ने कटान किया तेज
श्रीनगर की तरफ तेजी से कटान कर रही नदी
अमर उजाला ब्यूरो
पलियाकलां। लगातार हो रही बारिश से शारदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। नदी काफी उफना गई है और भूकटान भी नदी ने तेज कर दिया है, जिससे ग्रामीण खासे परेशान हैं। नदी भीरा इलाके की तरफ तेजी से कटान कर रही है। वहीं, श्रीनगर गांव के किनारे पर नदी पहुंच गई है। जिससे ग्रामीणों की धड़कने बढ़ गई हैं। नदी ने तेज धार के साथ दौलतापुर, मटैहिया, ढखिया खुर्द सहित कई गांवों में भूकटान तेज कर दिया है। तेज धार के साथ नदी अब श्रीनगर गांव की तरफ भी बढ़ने लगी है। गांव के तीन घरों के साथ ही सरकारी स्कूल भी नदी के सामने है। अगर ऐसे ही कटान होता रहा तो नदी गांव में पहुंच जाएगी। इससे ग्रामीणों की धड़कने बढ़ी हुई हैं।
मझगईं। शारदा नदी की बाढ़ से नयापुरवा, चैरी, खालेपुरवा आदि गांव में नदी ने कहर बरपाना शुरू कर दिया है। शारदा ने विकराल रूप धारण कर खेतिहर जमीन को काटना शुरू कर दिया है। जिससे ग्रामीणों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंचने लगी हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि करीब दो माह से बाढ़ का कहर झेल रहे हैं, लेकिन प्रशासन की तरफ से उनको कोई सहायता नहीं मिली है।