बहाल की जाए जिला वरीयता
बीटीसी प्रशिक्षुओं ने मांग को लेकर डीएम को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी।
बीटीसी प्रशिक्षुओं ने जिलास्तर पर वरीयता सूची पूर्ववत रखने की मांग की है। ऑल बीटीसी वेलफेयर एसोसिएशन के बैनर तले मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन डीएम को सौंपा है। साथ ही वरीयता समाप्त करने संबंधी शासनादेश को वापस लेने और निरस्त करने की मांग की है।
मंगलवार को ज्ञापन देने से पहले बीटीसी प्रशिक्षुओं ने नसीरुद्दीन मौजी भवन में बैठक की और अपनी मांगे रखीं। बैठक में जिलाध्यक्ष शुभम वर्मा ने कहा कि बीटीसी प्रशिक्षु जिला खीरी के मूल निवासी हैं और यहीं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। अंतिमांत सेमेस्टर के प्रशिक्षु हैं। पूर्व शासनादेश के तहत अभी तक जिलास्तर पर प्रशिक्षुओं को जिलेवार वरीयता, शिक्षा को ध्यान में रखते हुुए पूर्व के मुताबिक प्राविधानित की थी। उन्होंने कहा कि सात फरवरी 2018 को मौजूदा सरकार ने जिलास्तर की वरीयता समाप्त कर दी है, जिससे सभी बीटीसी प्रशिक्षु आहत हैं। जिले की वरीयता समाप्त होने की स्थिति में प्रशिक्षुओं के विधिक अधिकारों का हनन होगा। जिला स्तर की वरीयता बरकरार रखने से जिले की शिक्षा की गुणवत्ता में काफी हद तक सुधार होगा। ज्ञापन में मांग की कि प्रशिक्षुओं और छात्रों के हित और शिक्षा की गुणवत्ता को देखते हुए जिला वरीयता बहाल की जाए। ज्ञापन देने वाले लोगों में शुभम वर्मा, सर्वेश कुमार, प्रशांत वर्मा, अरुण वर्मा, पुरुषोत्तम, मोहित वर्मा आदि मौजूद रहे।