निघासन (लखीमपुर खीरी)। झंडी स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक में कैश न होने और समय से बैंक न खुलने से नाराज बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने हंगामा किया। शाखा प्रबंधक ने सोमवार को पैसा मिलने की बात कह कर बमुश्किल उपभोक्ताओं को शांत कराया।
झंडी स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक के उपभोक्ता दुलारे, रामसिंह, संजय, शत्रोहन, उमर, तफज्जुल, जिबराइल आदि ने बताया कि बैंक में कई दिनों से कैश नहीं है। सुबह से ही सभी लोग आकर लाइन में खड़े हो जाते हैं। आरोप है कि बैंक साढे़ दस बजे से पहले किसी दिन नहीं खुलती। जब बैंक खुलती है तो उपभोक्ताओं से भुगतान न होने की बात कह उनको टरका दिया जाता है। शुक्रवार की सुबह ही उपभोक्ता भुगतान लेने के लिए लाइन में खड़े हो गए। करीब आधा घंटा देर से पहुंचे स्टाफ ने कैश न होने की बात कही। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने हंगामा करना शुरू कर दिया। शाखा प्रबंधक ने उपभोक्ताओं को बमुश्किल समझाया और सोमवार से पैसे का वितरण करने का आश्वासन दिया, तब जाकर लोग शांत हुए। बैंक मैनेजर ऋषिराज ने बताया कि कैश के लिए लिखापढ़ी की गई है, लेकिन भुगतान नहीं मिल पा रहा है। भुगतान के कारण आज बैंक खुलने में थोड़ी देरी जरूर हुई है।
-----------