कार्यक्रम में मौजूद आयकर विभाग के अधिकारी। संवाद
लखीमपुर खीरी। शहर स्थित आयकर कार्यालय में शुक्रवार को 167वें आयकर दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर आयकर अधिकारियों, चार्टर्ड अकाउंटेंटों और व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों ने गोष्ठी में भाग लिया।
आयकर अधिकारी मनीष सचदेवा ने कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आयकर केवल राजस्व संग्रह का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला है। सचदेवा ने बताया कि समय पर कर भुगतान से शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा जैसी सार्वजनिक सुविधाओं के विकास को गति मिलती है। उन्होंने कहा कि आयकर विभाग करदाताओं को पारदर्शी और बेहतर सेवाएं देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। गोष्ठी में मौजूद चार्टर्ड अकाउंटेंटों और अधिवक्ताओं ने भी राष्ट्र निर्माण में आयकर की भूमिका पर प्रकाश डाला।
आयकर दिवस के अवसर पर करदाताओं को जागरूक करने पर विशेष ध्यान दिया गया। अधिकारियों ने उन्हें आयकर संबंधी नियमों और रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया समझाई।