वन रेंज मोहम्मदी-महेशपुर के जंगल से करीब पांच किलोमीटर दूर हैदराबाद और परसेला गांव के बीच गन्ने के खेत में तेंदुए ने मंगलवार की सुबह एक गाय को अपना निवाला बना लिया। दो दिन पहले तेंदुए ने एक जंगली सुअर को मार डाला था। जिससे बाघ के हमलों के बाद अब तेंदुए के आतंक से क्षेत्र वासियों में दहशत फैल गई है।
मंगलवार सुबह चार बजे गन्ने के खेत में तेंदुए ने घास चर रही लावारिस गाय पर हमला किया उसे भारत प्रसाद के गन्ने के खेत में खींच ले गया और अपना निवाला बना लिया। हमले की सूचना पर परसेला और बरगदिया गांव के कई ग्रामीण लाठी डंडे लेकर मौके पर पहुंच गया जिन्हें देखकर तेंदुआ गाय का अधखाया शव छोड़ कर गन्ने में चला गया। परसेला के राजेंद्र, बहादुरलाल, पंकज, राकेश, प्रेमचंद, हरीराम, कामता, डोरेलाल, रामचरण, लालू, हरिश्चंद्र आदि ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से गन्ने में रह रहे तेंदुए ने दो दिसंबर को एक जंगली सुअर को मार डाला था। हमले की सूचना पर एसटीपीएफ के जवान हथिनी गंगाकली के साथ मौके पर पहुंचे, करीब दो घंटे तक इलाके की कांबिंग की लेकिन तेंदुए का पता नहीं चल सका। वनकर्मियों ने ग्रामवासियों को गाय के शव के पास न जाने और गन्ने की छिलाई करते समय सतर्क रहने की सलाह दी है। गांववालों का कहना है कि तेंदुआ गन्ने के खेतों में मौजूद है तेंदुए से भयभीत परसेला गांव के दोनों स्कूलों में विद्यार्थियों की छुट्टी कर दी गई है।