सड़क के किनारे मिला शव, हादसे में जान जाने की आशंका
अमर उजाला ब्यूरो
निघासन खीरी। गांव बिहारीपुरवा स्कूल के पास शुक्रवार की सुबह गांव बुद्धापुरवा निवासी 50 वर्षीय चंद्रभाल का शव सड़क के किनारे गड्ढे में देखा गया। वह बुधवार को बेटियों को करवा देने घर से निकले थे।
गांव बुद्धापुरवा निवासी सतीश कुमार ने बताया कि उनके पिता चंद्रभाल बुधवार की सुबह बेटियों को करवा पहुंचाने के लिए पैदल घर से निकले थे। वह किसी सवारी से उसी दिन थाना सिंगाही के गांव भैरमपुर निवासी अपनी बड़ी बेटी किशनी पत्नी विजय चौहान के घर गए थे। वहां से अगले दिन मंझिली बेटी सोना के घर पचपेड़ी पहुंचे। जहां कवा देने के बाद दोपहर करीब तीन बजे घर वापस आने के लिए चले लेकिन शाम तक घर नहीं पहुंचे। इस पर परिवार वालों को चिंता हुई। सुबह गांव से करीब एक किलोमीटर दूर गांव बिहारीपुर के प्राथमिक स्कूल के पास सड़क किनारे गड्ढे में शव होने की सूचना मिली। जब वह लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि पिता का शव पड़ा था। चेहरे पर चोट के निशान थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। घर वालों और पुलिस को आशंका है कि घर जाते समय हादसे में मौत हुई है।