विकास विभाग में 37 लाख रुपये का घोटाला
ब्लॉक बेहजम की छह ग्राम पंचायतों से बिना वर्क आईडी निकाली रकम
अमर उजाला ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। गांवों में विकास के लिए आई सरकारी रकम को विकास विभाग के अधिकारी बिना वर्क आईडी (ठेकेदार या कार्यदाई संस्था का विवरण) के डकार गए। संयुक्त ग्राम्य विकास आयुक्त जयप्रकाश पांडेय से की गई शिकायत के बाद यह खुलासा हुआ कि विकास विभाग के अफसरों ने 37 लाख रुपये का घोटाला किया है। यह धनराशि ब्लॉक की छह ग्राम पंचायतों के ग्राम निधि खातों से निकाली गई है। मामले की जांच शुरू हुई। इसके लिए तीन सदस्यीय कमेटी भी बनाई गई, लेकिन वर्तमान में जांच किस स्तर पर है, इसकी जानकारी किसी भी अधिकारी को नहीं है।
विकास खंड बेहजम के गांव अतरौली निवासी आलोक अवस्थी ने ग्राम्य विकास आयुक्त से मुलाकात कर शिकायत की थी। बताया कि जिले की बेहजम ब्लॉक की ग्राम पंचायत गौरिया में 12 लाख 72 हजार 616 रुपये, प्रतापपुर में दो लाख 50 हजार 865 रुपये, भूलनपुर में 11 लाख 91 हजार दो रुपये, अछनिया में एक लाख 73 हजार 515 रुपये, हसनापुर में तीन लाख 80 हजार 350 रुपये और मिर्जापुर में चार लाख 28 हजार 791 रुपये बिना किसी वर्क आईडी के ग्राम निधि से निकाले गए। आरोप यह भी है कि इस धन से पंचायत में कोई काम नहीं कराए गए। विकास विभाग में नीचे से लेकर ऊपर तक सारा पैसा अफसरों में ही बंट गया। साक्ष्य समेत शिकायत को ग्राम्य विकास आयुक्त ने गंभीरता से लिया। उन्होंने सीडीओ को पूरे मामले की जांच कराने के आदेश दिए। इस पर सीडीओ रविरंजन ने मामले की जांच के लिए डीआरडीए के परियोजना निदेशक की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर दी। कमेटी में जिला पंचायत राज अधिकारी और बीडीओ सदर को नामित किया गया। खास बता यह है कि जांच किस स्थिति में है, यह बताने से कोई भी अधिकारी कतरा रहा है।
ब्लॉक बेहजम की इन पंचायतों में हुआ घोटाला
ब्लॉक बेहजम की ग्राम पंचायत गौरिया, प्रतापुर, भूलनपुर, अछनिया, हसनापुर और मिर्जापुर में विकास कार्य कराए बगैर ग्राम निधि खाते से 37 लाख रुपये निकाल लिए गए। मामले की जांच शुरू हुई तो हड़कंप मच गया है।
जांच अधिकारी को पता नहीं प्रारंभिक जांच की स्थिति
परियोजना निदेशक रामकृपाल चौधरी कहते हैं कि टीम जांच कर रही है। पूरे मामले की जांच रिपोर्ट सीडीओ को सौंपी जानी है, इसलिए वह अभी जांच की स्थिति के बारे में कुछ भी नहीं कह सकते। उन्हें जांच की प्रारंभिक स्थिति के बारे में कुछ भी पता नहीं है।