भाजपा सांसद के खिलाफ सड़क पर उतरे युवा, पुलिस से नोकझोंक
जाम लगाकर किया प्रदर्शन, सांसद के खिलाफ नारेबाजी
लाठियां फटकार कर पुलिस ने किया तितर-बितर
चार साल से नहीं बरवर पुवायां एनएच मार्ग न बनने पर गुस्सा
मोहम्मदी। चार साल से बरवर-पुवायां एनएच मार्ग का निर्माण न होने से भाजपा और एबीवीपी के कुछ कार्यकर्ताओं में गुस्सा फूट पड़ा। कार्यकर्ता धौरहरा से पार्टी की सांसद रेखा वर्मा के खिलाफ सड़कों पर उतर आए। उन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए गोला-मोहम्मदी मार्ग पर जमकर प्रदर्शन किया और सांसद विरोधी नारे लगाए। हालांकि इसी बीच पुलिस ने लाठियां फटकाकर कार्यकर्ताओं को तितर-बितर कर दिया। इस दौरान कोतवाल डीके सिंह से नोंक-झोक भी हुई। एबीवीपी के पूर्व जिला सह संयोजक प्रशांत द्विवेदी के नेतृत्व मेें शनिवार दोपहर कुछ कार्यकर्ता मोहम्मदी-गोला मार्ग पर पुवायां बस अड्डे पहुंच गए और सड़क पर बैठकर धरना प्रदर्शन करने लगे। युवा कार्यकर्ताओं का कहना था बरवर-पुवायां मार्ग का निर्माण चार साल पहले हो रहा था, लेकिन भाजपा के कार्यकाल में यह निर्माण बंद हो गया। सांसद रेखा वर्मा ने ध्यान ही नहीं दिया। उनके पास कार्यकर्ताओं से मिलने का वक्त नहीं है। क्षेत्र में जाती नहीं हैं। सांसद पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए युवाओं ने शनिवार को मोहम्मदी-गोला मार्ग पर पुवायां बस अड्डे के निकट प्रदर्शन करते हुए जाम लगा दिया। युवा धौरहरा सांसद रेखा अरुण वर्मा के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे। सूचना पर दलबल के साथ पहुंचे प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह से प्रदर्शनकारियों की नोकझोंक भी हुई। हालांकि पुलिस ने लाठियां फटकारते हुए युवाओं को तितर-बितर कर दिया। पुलिस की सक्रियता के कारण युवा मुश्किल से आधे घंटे प्रदर्शन कर सके। कार्यकर्ताओं ने इसके बाद एक ज्ञापन नायब तहसीलदार ओपी मिश्रा को सौंपा।
ज्ञापन में यह है मांग
ज्ञापन में कहा गया है कि बरवर-पुवायां मार्ग का निर्माण 4 साल से रुका होने के कारण यात्रा करने के दौरान हमेशा खतरा बना रहता है। वहीं मोहम्मदी में अंबेडकर चौराहे से पुवायां बैरियर तक सड़क जर्जर एवं ध्वस्त है। कई बार ज्ञापन देने के बाद भी सुधार नहीं हुआ। इसके अलावा बरवर रोड पर ब्रह्मदेव आश्रम के सामने बहुत बड़ा गहरा और बड़ा तालाब है। जो जानलेवा बना हुआ है। पूर्व में कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। ज्ञापन में सांसद रेखा अरुण वर्मा से एक हफ्ते में कार्य आरंभ करने की अपील की गई है।
सांसद बोलीं, टिकट के एक दावेदार की कारगुजारी
खुद के खिलाफ धरना प्रदर्शन को लेकर सांसद रेखा वर्मा हतप्रभ हैं। सांसद रेखा वर्मा का कहना है कि मोहम्मदी के युवा कार्यकर्ता बेहद सरल और जुझारू हैं। वह कोई ऐसा कार्य नहीं कर सकते, जिससे पार्टी का अहित हो। टिकट के एक दावेदार इस तरह की साजिश रचते रहते हैं। शायद, उन्हीं की कारगुजारी है।
विधायक और नगर अध्यक्ष को भी पता नहीं
विधायक लोकेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि क्षेत्र की तमाम समस्याएं उनके संज्ञान में हैं। समस्या का निराकरण करा लिया जाएगा। धरना प्रदर्शन की न तो जानकारी है और न ही इसका कोई औचित्य बनता है। वहीं भाजपा नगर अध्यक्ष सौरभ गुप्ता का कहना है कि वे बाहर हैं उन्हें धरना प्रदर्शन की कोई जानकारी नहीं है।
जिले से बाहर होने के कारण मोहम्मदी में धरना प्रदर्शन की बाबत जानकारी नहीं है। फिलहाल धरना प्रदर्शन करने वालों के जो नाम सामने आ रहे हैं, वह पार्टी के पदाधिकारी नहीं हैं। मामला गंभीर है।
शरद बाजपेई, जिलाध्यक्ष-भाजपा