मतदाता दिवस पर तहसील से जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ तहसीलदार ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली के दौरान बच्चों ने लोगों को मतदान करने के लिए जागरूक किया और नारे लगाए।
शुक्रवार को तहसील से निकाली गई मतदाता जागरूकता रैली का शुभारंभ तहसीलदार भगवानदीन वर्मा ने हरी झंडी दिखाकर किया। रैली में जिला पंचायत बालिका इंटर कॉलेज, गुरुनानक देव इंटर कॉलेज, रामलीला बालिका इंटर कॉलेज और बलदेव वैदिक इंटर कॉलेज के बच्चों ने हिस्सा लिया। रैली तहसील परिसर से शुरू होते हुए स्टेशन रोड, माल गोदाम रोड, नगर पालिका रोड होते हुए मुख्य बाजार से दोबारा तहसील पहुंची, जहां रैली का समापन किया गया। रैली में शामिल बच्चे ‘बच्चा बच्चा करें पुकार वोट डालना अबकी बार’, ‘छोड़ो अपने सारे काम पहले चलो करो मतदान’ आदि नारे लगाते चल रहे थे। रैली में शामिल बच्चों को पूर्ति निरीक्षक आनंद कुमार सिंह ने बिस्कुट आदि का वितरण किया। इस दौरान चंद्रिका प्रसाद, एबीआरसी सुरेश चंद्रा, जिला पंचायत इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य कृष्ण अवतार भाटी, एडवोकेट अमित महाजन समेत कई स्कूलों के बच्चे, शिक्षक, तहसील कर्मचारी और वकील मौजूद रहे।