लखीमपुर खीरी/निघासन। रामलीला मेले में सीता स्वयंवर की लीला में आदर्श सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें सात जोड़े भी विवाह के पवित्र बंधन में बंधे। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सांसद अजय मिश्र टेनी ने नए जोड़ों को आशीर्वाद दिया। इस समारोह में हरिद्वार, नीमगांव, धौरहरा और निघासन के जोड़ों का विवाह हुआ।
निघासन में चल रहे रामलीला मेले में रविवार को सीता स्वयंवर का मंचन किया गया। देर शाम हुए इस कार्यक्रम से पहले यहां मेला पंडाल में गायत्री परिवार के पं. शत्रुघ्नलाल शुक्ल, दयाशंकर मौर्य, विनोद, गूना देवी, बाबूराम मौर्य, रवींद्र यादव, दामोदर वर्मा, जयप्रकाश वर्मा, शशिप्रभा, रीता वर्मा व ऊषा विश्वकर्मा आदि के सहयोग से सात जोड़ों का विवाह कराया गया। देर शाम एक तरफ राम-सीता बने कलाकारों ने एक दूसरे को वरमाला पहनाई तो सात जोड़ों ने भी एक दूसरे को वरमाला पहनाकर अपना जीवनसाथी चुना।
बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे सांसद अजय मिश्र टेनी ने रामलीला मंच पर हुए इस अनूठे आयोजन पर आयोजकों की प्रशंसा करते हुए जोड़ों को आशीर्वाद दिया। समारोह में जसपाल-आरती, धीरेंद-संतोषी, भारत सिंह-पिंकी, संजय-शालू, धर्मेंद-किरन मौर्य, छोटू- रेशमा और दीपू-जूली के विवाह हुए। इनमें से कई पक्ष बाहर के भी थे। आयोजकों समेत इलाके के गणमान्य लोगों ने जोड़ों को उपहार आदि दिए। इस मौके पर ग्राम प्रधान गीता देवी, रामकुमार मौर्य, आफताब आलम, अशोक चौबिया, रामपाल मौर्य, सिंगाही ईओ अनिरुद्ध पटेल आदि लोगों ने वर-वधू को उपहार दिया।