लखीमपुर खीरी/जंगबहादुरगंज।
घर के अंदर बिजली के बोर्ड में रविवार की सुबह प्लग लगाते समय कोतवाली पसगवां के गांव बरखेरियाजाट निवासी 10 वर्षीय आशीष शुक्ला को करंट लग गया। परिवार वाले उसे एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। बालक की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया।
गांव बरखेरियाजाट निवासी रमेश चंद्र शुक्ला ने बताया कि उनका पुत्र आशीष शुक्ला घर पर बिजली के बोर्ड में प्लग लगा रहा था। इसी दौरान अचानक उसे अचानक करंट लग गया। करंट लगने के बाद बच्चे की चीख सुनकर परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए और उसे गंभीर हालत में लेकर निजी चिकित्सक के पास पहुंचे। जहां डॉक्टर ने आशीष शुक्ला को मृत घोषित कर दिया। मासूम बेटे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक कस्बा जेबीगंज स्थित एक कान्वेंट स्कूल में कक्षा दो का छात्र था। हादसे ही जानकारी होने के बाद ग्रामीणों के पहुंचने पर माहौल और ज्यादा गमगीन हो गया। बालक की मौत से मृतक के मां-बाप, एक भाई और तीन बहनों का रो रोकर बुरा हाल है।