लखीमपुर खीरी।
शहर में अतिक्रमण और ट्रैफिक व्यवस्था का जायजा लेने निकले डीएम और एसपी खुद ही जाम का शिकार हो गए। दोनों अफसरों का काफिला अस्पताल रोड पर नो इंट्री में फंस गया। हालात यह बन गए कि अफसरों को गाड़ियां छोड़नी पड़ी और पैदल आगे बढ़ना पड़ा। अफसरों के जाम में फंसने से पुलिस के पसीने छूट गए।
शहर में हर दस कदम पर लगने वाली जाम से शहरवासी आजिज हैं। हालांकि जाम से निजात दिलाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने नो इंट्री प्वाइंट भी बना रखे हैं। बकायदा इन प्वाइंटों पर मोबाइल बैरियर भी लगाए गए हैं। अस्पताल रोड से संकटा देवी और संकटा देवी से लेकर सदर चौराहा तक नो इंट्री प्वाइंट है, लेकिन इसके बाद भी खासतौर पर चार पहिया वाहनों का आवागमन बना रहता है। शहर की करीब सभी प्रमुख सड़कों पर स्थित दुकानों और बैंकों, होटलों के पास पार्किंग व्यवस्था नहीं है। दुकानदार भी सड़कों तक सामान रख देते हैं। पार्किंग व्यवस्था न होने के कारण लोग वाहनों को भी सड़कों पर ही खड़ा कर है। इससे हमेशा जाम की समस्या बनी रहती है। मंगलवार को डीएम आकाशदीप और एसपी डॉ. एस चन्नप्पा शहर के हालातों का जायजा लेने निकले तो दोनों अधिकारी नो इंट्री प्वाइंट में ही जाम में फंस गए। इससे पुलिस में हड़कंप मच गया। जाम इस कदर था कि दोनों अफसरों को अपने वाहनों को छोड़ना पड़ा और पैदल ही अतिक्रमण को देखते हुए आगे बढ़ गए।