मैलानी। आरवीएनएल की ओर से नारंग गांव के पास स्थित लेवल क्रासिंग समाप्त कर उसकी जगह अंडरपास बनाए जाने का ग्रामीणों ने विरोध किया है। ग्रामीणों ने विरोध-प्रदर्शन करते हुए एक ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक राजेश गुप्ता को देते हुए पहले की तरह लेवल क्रॉसिंग बनाए जाने की मांग की है।
आमान परिवर्तन के काम के चलते मैलानी-बांकेगंज सेक्शन में मैलानी की लेवल क्रासिंग संख्या 176 सी को खत्म कर उसकी जगह अंडरपास बनाया जाना है। आरवीएनएल ने अंडरपास निर्माण का काम हाल ही में शुरू कर दिया है। अंडरपास बनने के बाद लेवल क्रासिंग संख्या 176 सी समाप्त हो जाएगी। इसकी जानकारी जब नारंग गांव के लोगों को हुई तो उनमें रोष फैल गया। मंगलवार की सुबह तमाम ग्रामीण स्टेशन अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और रोष जताने लगे। ग्रामीणों ने बताया कि यह निचला इलाका है। बारिश के मौसम में पूरे क्षेत्र में जलभराव हो जाता है, जिससे आवागमन में कठिनाइयां होंगी। स्टेशन अधीक्षक ने ग्रामीणों को बताया कि सीतापुर से ऐशबाग के बीच कई अंडरपास बनाए गए हैं, जिनसे आवागमन सुचारु रूप से चल रहा है। ग्रामीणों का तर्क था कि वहां और यहां की भौगोलिक परिस्थितियों में अंतर है। यहां हर बरसात में जलभराव की समस्या बनती है, जिससे अंडरपास से आवागमन नहीं हो सकेगा। ग्रामीणों ने डीआरएम लखनऊ को संबोधित एक ज्ञापन भी स्टेशन अधीक्षक राजेश गुप्ता को सौंपा और अंडरपास का निर्माण तत्काल रोककर पूर्ववत लेवल क्रॉसिंग बनाए जाने की मांग की है। ज्ञापन में प्रधान निर्मला देवी, मंगलजीत सिंह लाडी, बिंदेश्वरी, सुरेश प्रसाद, गुरदयाल, खरभान, राजमन यादव सहित तमाम ग्रामीणों के हस्ताक्षर हैं।
खाई खोदे जाने से भड़के ग्रामीण
मैलानी। पहले नारंग के पास लेवल क्रासिंग बनाई जानी थी। आरवीएनएल ने नारंग गांव के पास एक लेवल क्रासिंग बनाए जाने के लिए नया रास्ता बनाने के साथ ही वहां लाइन के किनारे एक कमरा भी बनवा दिया है, लेकिन अभी हाल में पुरानी लेवल क्रासिंग के पास अंडरपास बनाने का काम शुरू कर दिया गया। मंगलवार को नारंग जाने वाली अस्थाई रोड पर खाई खुदवा दी गई। इससे आवागमन बाधित होने पर ग्रामीण भड़क गए। ग्रामीणों का कहना है कि आरवीएनएल ने उनका रास्ता बंद कर दिया है, जबकि वहां मौजूद मजदूरों ने बताया कि केबिल डालने के लिए खाई खोदी गई है न कि रास्ता बंद करने के लिए।