लखीमपुर खीरी। मंडप सजाने के दौरान लगाए जा रहे फूल तोड़ने पर बच्चों को डांटना मंडप सजा रहे युवक को महंगा पड़ गया। इससे गुस्साए पिता-पुत्र ने उसकी लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी। आरोप है कि 35 सौ रुपये, एक अंगूठी और कीमती मोबाइल भी लूट लिया। कोतवाली पुलिस ने घायल युवक का मेडिकल परीक्षण कराया है।
सदर कोतवाली के गांव गढरुआ निवासी रामजीवन ने बताया कि वह वैवाहिक समारोह में स्टेज बनाने का काम करता है। शुक्रवार की रात गांव में ही मंडप बना रहा था। इस बीच कुछ बच्चे मंडप पर लगे फूल तोड़ दे रहे थे। इस पर उसने बच्चों को डांट दिया था। मंडप बनाकर रात करीब 12 बजे वह अपने घर जा रहा था। बच्चों के डांटने से नाराज एक बच्चे के पिता विनोद ने अपने परिवार के ही कन्हैया के साथ मिलकर उसे रास्ते में रोक लिया। उसकी लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोप है कि हमलावर उसकी जेब में रखे 3500 रुपये, एक सोने की अंगूठी और कीमती मोबाइल भी छीन ले गए। घायल रामजीवन शनिवार को सदर कोतवाली पहुंचा और पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण कराया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि घटना की तहरीर मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। घायल का मजरूबी चिट्ठी बनाकर मेडिकल परीक्षण कराया गया है।