संसारपुर। मैलानी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत सिसनौर के ग्राम जिझारपुर के एक घर में शुक्रवार की रात चोरों ने नकब लगा दी और घर में रखी नकदी सहित करीब डेढ़ लाख रुपये का सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
जिझारपुर निवासी शंकरलाल ने बताया कि उनके पुत्र संतोष की ससुराल में वैवाहिक समारोह था। परिवार के सभी लोग समारोह में शामिल होने गए थे। वह घर में अकेला सो रहा था। शुक्रवार की रात चोरों ने पास वाले कमरे में नकब लगा दिया और घर में घुस आए। चोर घर में रखी 30 हजार रुपये, दो जोड़ी पायल, दो कमर बिछुआ, एक जोड़ी कुंडल, एक मांग टीका, दो झुलनिया सहित करीब डेढ़ लाख का सामान बटोर ले गए। सुबह जब वह सोकर उठे तो घटना की जानकारी हुई। चोरों ने एक बक्सा, कपड़े और सामान आदि पास के खेत में ले जाकर डाल दिया। पीड़ित ने घटना की लिखित तहरीर चौकी संसारपुर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।